ठाकुर शोभा सिंह महाविद्यालय द्वारा पंगसुवा में एनएसएस कैंप का आयोजन

मुकेश अग्रवाल/पत्थलगांव।
ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव द्वारा ग्राम पंगसुआ में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर ‘ग्रामीण विकास – नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी एवं युवा’ का उद्देश्य ग्रामीण जीवन शैली को समझना, सामुदायिक भावना का विकास करना तथा पर्यावरण व स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।आज शिविर के द्वितीय दिवस में प्रातः काल व्यायाम पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री टी. आर. पाटले के मार्गदर्शन में परियोजना कार्य के अन्तर्गत स्वयंसेवकों द्वारा शिविर स्थल की भली-भांति साफ-सफाई की गई तथा मैदान का समतलीकरण किया गया ।

स्वास्थ्य केंद्र व आंगनबाड़ी के आसपास घास उखाड़कर सफाई की गई। इस दौरान स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस गीत गाया गया तथा नारे भी लगाए गए। दोपहर में भोजन उपरांत डी. के. अम्ब्रेला प्राचार्य ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय की उपस्थिति में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर बौद्धिक चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवकों द्वारा अपने विचार प्रस्तुत किए गए।प्राथमिक, माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक शाला के शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने भी स्वयंसेवकों के भाषण को ध्यान पूर्वक सुना व सराहा।

रात्रि के कार्यक्रम में सरपंच ग्राम पंचायत पंगसुवा के मुख्य आतिथ्य में स्वयं सेवकों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ी नृत्य व नाटक बेटी बचाबो बेटी पढाबो प्रमुख थे । अंत में महिला कार्यक्रम अधिकारी अनुपमा प्रधान द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया । ज्ञात हो कि महाविद्यालय की एन. एस. एस. इकाई द्वारा प्रतिवर्ष सफलतापूर्वक शिविर का आयोजन किया जाता रहा है ।




