किश्तों का पैसा डकार गया कलेक्शन एजेंट! 42 हितग्राहियों से वसूले ₹9.46 लाख, कंपनी में जमा करने के बजाय कर लिया गबन

 

मुकेश अग्रवाल

जशपुर। ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को आर्थिक सहारा देने के लिए संचालित माइक्रो फाइनेंस की किश्त वसूली में ही अगर लाखों रुपये का खेल हो जाए, तो मामला चौंकाने वाला बन जाता है। जशपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट पर 42 हितग्राहियों से वसूली गई करीब 9.46 लाख रुपये की रकम कंपनी में जमा नहीं करने और गबन करने का आरोप लगा है।

मामले में सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने आरोपी रवि राम चौहान (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर गबन की गई रकम सहित मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को लेकर पूछताछ कर रही है।

42 लोगों से वसूली, कंपनी तक नहीं पहुंचा पैसा

पुलिस के अनुसार भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। ऋण की किश्तों की वसूली के लिए कंपनी द्वारा कलेक्शन एजेंट नियुक्त किए जाते हैं।

आरोप है कि कंपनी के जशपुर ब्रांच में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत रवि राम चौहान ने 07 नवंबर 2022 से 05 जुलाई 2023 के बीच अलग-अलग 15 महिला स्व-सहायता समूहों के 42 सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में कुल ₹9,46,049 वसूल किए।

लेकिन आरोप के मुताबिक हितग्राहियों से रकम लेने के बाद यह पैसा कंपनी के जशपुर ब्रांच में जमा नहीं कराया गया।

कंपनी की जांच में खुला पूरा मामला

मामले का खुलासा कंपनी स्तर पर हुई जांच के बाद हुआ। जांच में 42 हितग्राहियों से उक्त राशि वसूल किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद कलेक्शन एजेंट रवि राम चौहान से पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने हितग्राहियों से रकम प्राप्त करने और कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की थी।

इसके बाद आरोपी ने 12 जुलाई 2023 को नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से कंपनी में रकम जमा करने के लिए तीन महीने का समय भी लिया। लेकिन समय सीमा गुजरने के बाद भी कथित तौर पर रकम कंपनी में जमा नहीं की गई।

शिकायत के बाद FIR, अब पुलिस रिमांड में आरोपी

भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के तत्कालीन जशपुर ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 409 भादवि. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी रवि राम चौहान पिता अलप साय, उम्र 40 वर्ष, निवासी पेमला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम संगम चौक दरबारीटोली, जशपुर को जशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और पुलिस उससे कथित गबन की गई राशि तथा मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को लेकर पूछताछ कर रही है।

आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू एवं कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की पूछताछ के बाद अब यह साफ होने की उम्मीद है कि ₹9.46 लाख की रकम का पूरा खेल कैसे और कहां तक फैला था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button