फेसबुक पर देवी-देवताओं और ऋषियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, कुनकुरी पुलिस का एक्शन! 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-सिम जब्त

मुकेश अग्रवाल
जशपुर/कुनकुरी। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने के आरोप में कुनकुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी हेमंत कुमार बेदी को गिरफ्तार किया है। फेसबुक पर हिन्दू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं एवं ऋषियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और जियो सिम भी जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 17 अक्टूबर 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसएसपी की दोटूक—धार्मिक सौहार्द से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। किसी भी व्यक्ति द्वारा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे, दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता तथा नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।