पत्थलगांव एसडीएम क्षितिज गुरभेले लगातार धान उपार्जन केंद्रों का कर रहे निरीक्षण

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव,
ब्लॉक के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए एसडीएम क्षितिज गुरभेले स्वयं मैदान में उतरे हुए हैं। उनके द्वारा ब्लॉक के सभी धान उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है।
एसडीएम केंद्रों में पहुंचकर न सिर्फ व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, बल्कि किसानों के बीच बैठकर उनसे सीधे संवाद भी कर रहे हैं। धान की तौल, नमी की जांच, टोकन व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता और भुगतान की प्रक्रिया को लेकर वे किसानों से जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए है कि छोटे किसानों सबसे पहले टोकन जारी करे।केंद्रों में अपने एसडीएम को अपने बीच पाकर किसान काफी खुश नजर आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए उन्हें भटकना पड़ता था, लेकिन अब एसडीएम के निरीक्षण से समस्याओं का मौके पर ही निराकरण हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में पारदर्शिता सर्वोपरि रखी जाए। किसी भी किसान के साथ भेदभाव या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने धान को बारिश और नमी से बचाने के लिए तिरपाल सहित सभी जरूरी इंतजाम दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों की मेहनत का उन्हें पूरा दाम समय पर मिले। इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है और खरीदी समाप्त होने तक इसी तरह सतत निगरानी जारी रहेगी।
एसडीएम के इस सक्रिय अंदाज से केंद्रों में व्यवस्था और बेहतर हुई है, वहीं किसानों में भी प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।