गुरु नानक जयंती पर पत्थलगांव में निकली भव्य शोभायात्रा, भक्ति और भाईचारे के रंग में रंगा शहर पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा, सड़क पर झाड़ू लगाकर सिख समाज की बेटियों ने दिया स्वच्छता का संदेश; अग्रवाल सभा, ब्राह्मण समाज और हरियाणा-राजस्थान सामाजिक संगठन ने किया आत्मीय स्वागत शोभायात्रा में यातायात व्यवस्था पूरी तरह रही चौपट

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व (जयंती) के अवसर पर आज पत्थलगांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर सिख समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, गूंजते गुरुवाणी के भजन और विभिन्न समाजों की ओर से किए गए आत्मीय स्वागत ने पूरे शहर को धार्मिक और सामाजिक सद्भाव के रंग में रंग दिया।

शोभायात्रा का शुभारंभ स्थानीय गुरुद्वारा साहिब से हुआ। यहां से शोभायात्रा जशपुर रोड, अंबिकापुर रोड और रायगढ़ रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा के आगे-आगे पारंपरिक वेशभूषा में पंच प्यारे चल रहे थे, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने रहे। उनके पीछे सिख समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चे पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ शामिल हुए।
सिख समाज की बेटियों ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
इस शोभायात्रा की सबसे खास और प्रेरणादायक झलक सिख समाज की बेटियों द्वारा प्रस्तुत की गई। पंच प्यारों के आगे-आगे समाज की युवतियां एवं बेटियां सड़क पर झाड़ू लगाते हुए चल रही थीं। यह दृश्य केवल परंपरा का निर्वहन नहीं, बल्कि स्वच्छता, सेवा और समर्पण की भावना का भी संदेश दे रहा था। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में सेवा और मानवता का जो महत्व है, उसकी सुंदर झलक इस आयोजन में देखने को मिली।
महिलाओं के भजनों से गूंजा शहर, एक रंग की वेशभूषा बनी आकर्षण
शोभायात्रा में सिख समाज की महिलाओं द्वारा गुरु नानक देव जी के भजन एवं धार्मिक गीत गाए जा रहे थे। भक्ति संगीत और गुरुवाणी की मधुर धुनों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं सिख समाज के लोग एक ही रंग की आकर्षक वेशभूषा धारण कर अनुशासित ढंग से शोभायात्रा में शामिल हुए, जिसने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोगों ने अपनी भागीदारी निभाते हुए गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

अग्रवाल सभा, ब्राह्मण समाज और सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत
गुरु नानक देव जी की शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाज के लोगों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। हरियाणा-राजस्थान सामाजिक संगठन, अग्रवाल सभा और ब्राह्मण समाज सहित अन्य समाजों के लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था कर शोभायात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया।
विभिन्न समाजों के लोगों ने आगे बढ़कर सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं को जलपान कराया। इस दौरान आपसी प्रेम, सम्मान और सद्भाव की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। धर्म और समाज की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी वर्गों ने गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
गुरु नानक देव जी ने सदैव मानवता, समानता, सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पत्थलगांव में निकली इस भव्य शोभायात्रा में भी उन्हीं आदर्शों की झलक दिखाई दी। विभिन्न समाजों द्वारा किया गया स्वागत इस बात का प्रमाण बना कि पत्थलगांव की सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द की परंपरा आज भी मजबूत है।
कुल मिलाकर गुरु नानक जयंती पर निकली यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सेवा, स्वच्छता और भाईचारे का संदेश देते हुए पत्थलगांव के लिए यादगार आयोजन बन गई।

पत्थलगांव यातायात व्यवस्था गुरु नानक जयंती की शोभायात्रा में पूरी तरह फ्लॉप रही पूरी शोभायात्रा के बीच गाड़ियों का जाम लग गया।