पत्थलगांव में स्पीड का कहर! सड़कों पर दौड़ रहे ‘मौत के सौदागर’, बाइकर्स से लेकर नशेड़ी कार चालकों तक का आतंक स्टाइल के नाम पर सड़कों पर रफ्तार का तांडव, बेखौफ स्पीड बाइकर्स और नशे में धुत चालक बन रहे नागरिकों के लिए काल! आखिर हेलमेट अभियान से कब जागेगा यातायात विभाग?

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। शहर की सड़कों पर इन दिनों यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कहीं स्टाइलिश बाइकों पर सवार युवा फिल्मी अंदाज में फर्राटा भरते नजर आते हैं, तो कहीं नशे में धुत चारपहिया वाहन चालक सड़कों को अपनी रेसिंग ट्रैक समझ बैठे हैं। इतना ही नहीं, अब ट्रैक्टरों की रफ्तार भी आम नागरिकों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। ऐसा लगता है मानो पत्थलगांव की सड़कों पर यातायात नियम नहीं, बल्कि रफ्तार का कानून चल रहा है!

शहर के रायगढ़ रोड पर स्पीड बाइकर्स का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि सड़क किनारे खड़े राहगीरों तक की रूह कांप जाती है। तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, स्टाइलिश बाइक और अंधाधुंध रफ्तार के साथ निकलते युवा न सिर्फ अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी जोखिम में डाल रहे हैं। इनकी फर्राटेदार रफ्तार के आगे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और कुछ लोग स्थायी रूप से दिव्यांगता का सामना कर रहे हैं।

तहसील कार्यालय के सामने नशे में धुत कार का तांडव, कई वाहन आए चपेट में!

स्पीड के इस आतंक का ताजा उदाहरण तहसील कार्यालय के पास जिंदल बजाज शोरूम के सामने देखने को मिला, जहां कथित तौर पर नशे में धुत एक तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी कारों और कई दुपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हुए और कुछ को गंभीर चोटें आईं। दो से तीन लोगों के पैर टूटने की जानकारी भी सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने पहले सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मारी और फिर अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर उछल गई और उसकी दिशा बदल गई। आसपास खड़ी बाइक और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया गया कि दुर्घटनाकारित कार क्रमांक CG13AN1090 थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और चालक से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार चालक द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने की बात सामने आई है। मामले में जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

क्या फिर लौट आएगा दुर्गा विसर्जन कांड जैसा खौफ?

इस घटना ने पत्थलगांव के नागरिकों को एक बार फिर पुराने दुर्गा विसर्जन हादसे की भयावह यादों की ओर धकेल दिया है। उस दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। यदि तहसील कार्यालय जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में यह बेकाबू कार किसी बड़ी भीड़ के बीच पहुंच जाती, तो परिणाम कितने भयावह हो सकते थे, इसकी कल्पना मात्र से लोग सिहर उठते हैं।

सवाल यह है कि आखिर शहर की सड़कों पर नशे और रफ्तार का यह खतरनाक खेल कब तक चलता रहेगा?

स्पीड बाइकर्स पर अभियान, फिर कुछ दिन शांति और दोबारा वही कहानी!

पुलिस समय-समय पर तेज रफ्तार बाइक चालकों के खिलाफ अभियान चलाती है। कुछ दिनों तक कार्रवाई का असर भी दिखाई देता है, लेकिन उसके बाद वही पुराना ढर्रा शुरू हो जाता है। स्पीड बाइकर्स फिर सड़कों पर फर्राटा भरने लगते हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या कार्रवाई केवल कुछ दिनों की औपचारिकता बनकर रह गई है?

अब ट्रैक्टर चालक भी बने सड़कों के नए खतरे!

शहर और ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टरों की लापरवाही भी कम चिंता का विषय नहीं है। आरोप है कि कई स्थानों पर कम उम्र और अनुभवहीन चालक ट्रैक्टर चलाते नजर आते हैं। इनकी तेज रफ्तार और लापरवाही से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र में ट्रैक्टरों से जुड़ी दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद ऐसे चालकों की नियमित जांच और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।

हेलमेट अभियान से ही नहीं थमेगा हादसों का सिलसिला!

हैरानी की बात यह है कि यातायात व्यवस्था में हेलमेट अभियान पर तो जोर दिखाई देता है, लेकिन नशे में वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइकर्स, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों, नाबालिग एवं अनुभवहीन चालकों और बेकाबू चारपहिया वाहनों पर लगातार निगरानी की जरूरत है।

आखिर सिर्फ हेलमेट पहनाने से सड़क दुर्घटनाएं कैसे रुकेंगी, जब दूसरी ओर नशे में धुत चालक और रफ्तार के दीवाने सड़कों पर खुलेआम खतरा बनकर घूम रहे हैं?

प्रशासन से सीधे सवाल—

क्या रायगढ़ रोड और शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित स्पीड चेकिंग होगी?

क्या नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच होगी?

क्या नाबालिग एवं बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी?

क्या मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स पर स्थायी अंकुश लगेगा?

क्या ट्रैक्टर चालकों के लाइसेंस और उम्र की जांच की जाएगी?

नागरिकों की जिंदगी से खिलवाड़ बंद हो, वरना पछताने के सिवा कुछ नहीं बचेगा!

पत्थलगांव की सड़कों पर बढ़ता रफ्तार का आतंक अब महज यातायात समस्या नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा का गंभीर सवाल बन चुका है। पुलिस और यातायात विभाग को कागजी अभियान से आगे बढ़कर नियमित जांच, सख्त कार्रवाई और निरंतर निगरानी की जरूरत है।

क्योंकि सड़कें किसी की निजी रेसिंग ट्रैक नहीं हैं और न ही आम नागरिक किसी की स्टंटबाजी का निशाना बनने के लिए घर से निकलते हैं।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है, या फिर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी?

याद रखिए, हेलमेट सिर बचा सकता है, लेकिन नशे में धुत चालक और बेकाबू रफ्तार से बचाने के लिए सख्त कानून का पालन और प्रशासन की सक्रियता भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button