पत्थलगांव छठमय! पूरन तालाब घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य छठी मैया के गीतों से गूंजा शहर, रंगीन रोशनी से जगमगाया पूरन तालाब घाट; दुल्हन की तरह सजा पत्थलगांव, पुलिस और नगर पंचायत की चाक-चौबंद व्यवस्था ने जीता श्रद्धालुओं का दिल

 

पत्थलगांव। लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा इन दिनों पत्थलगांव में देखते ही बन रही है। पूरा शहर छठी मैया की भक्ति में सराबोर है। कहीं छठी मैया के मधुर गीत गूंज रहे हैं तो कहीं श्रद्धा और उत्साह के बीच व्रती महिलाएं कठिन व्रत का संकल्प निभा रही हैं। छठ महापर्व को लेकर पूरे पत्थलगांव को मानो दुल्हन की तरह सजा दिया गया है।

शहर के सबसे बड़े और प्रसिद्ध छठ घाट पूरन तालाब की भव्यता देखते ही बन रही है। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता घाट, आकर्षक सजावट और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रविवार को सांध्य अर्घ्य के अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूरन तालाब घाट पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, आरोग्यता एवं दीर्घायु की मंगल कामना की। घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब इस बात का गवाह बना कि छठ महापर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि लोक आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम है।

पुलिस की मुस्तैदी, श्रद्धालुओं को मिली राहत

छठ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पत्थलगांव थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार एवं उनकी पूरी पुलिस टीम ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहद व्यवस्थित रखा। पुलिस जवान लगातार मोर्चा संभाले रहे, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस की सक्रियता से घाट पर व्यवस्था सुचारू बनी रही।

छठ पर्व को लेकर नगर पंचायत द्वारा भी साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों की धूल हटाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, वहीं धूल से राहत दिलाने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। घाट और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

छठ समिति के पदाधिकारी दिन-रात जुटे

पूरन तालाब छठ पूजा समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य पर्व को भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जी-जान से जुटे हुए हैं। घाट की सजावट से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक हर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समिति के सदस्यों की मेहनत और समाज के लोगों का सहयोग छठ महापर्व की भव्यता को और बढ़ा रहा है।

कल उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन

सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। इस अवसर पर श्रद्धालु छठी मैया और सूर्यदेव से परिवार एवं नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करेंगे। इसके पश्चात छठ पूजा समिति द्वारा पूरन तालाब घाट पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

पत्थलगांव में छठ महापर्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आस्था की ताकत जब एकजुट होती है, तो पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग जाता है। चारों ओर गूंजते जयकारे और जगमगाता पूरन तालाब घाट इस महापर्व की भव्यता की खूबसूरत तस्वीर पेश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button