मोबाइल चोरों की खैर नहीं! दुर्ग पुलिस का डिजिटल शिकंजा, 40 लाख के 201 गुम मोबाइल बरामद किसी के हाथ में पहुंचे, किसी दूसरे की जेब से निकले मोबाइल… CEIR पोर्टल ने खोली लोकेशन की पोल, महाराष्ट्र से बिहार तक पुलिस ने ढूंढ निकाले फोन साल 2026 में सातवीं बड़ी कामयाबी, अब तक 1,400 से ज्यादा मोबाइल असली मालिकों तक पहुंचाए

 

मुकेश कुमार अग्रवाल

दुर्ग। मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए दुर्ग पुलिस ने बड़ी खुशखबरी दी है। किसी का मोबाइल दूसरे शहर में इस्तेमाल हो रहा था तो किसी का दूसरे राज्य में! लेकिन मोबाइल की डिजिटल पहचान ने इस्तेमाल करने वालों की पोल खोल दी। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने CEIR पोर्टल की मदद से एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 201 गुम मोबाइल बरामद कर लिए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

14 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल की उपस्थिति में सभी 201 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे फोन वापस मिलते ही खिल उठे। लोगों ने दुर्ग पुलिस और एसीसीयू टीम का आभार जताया।

मोबाइल कहीं भी चला जाए, डिजिटल पहचान से नहीं बच पाएगा!

दुर्ग पुलिस ने वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइलों की तकनीकी पतासाजी के लिए विशेष अभियान चलाया। CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर उपलब्ध तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण कर उन मोबाइलों की पहचान की गई, जो अलग-अलग स्थानों पर इस्तेमाल हो रहे थे।

पुलिस की तकनीकी टीम ने ऐसा जाल बिछाया कि मोबाइलों की लोकेशन सामने आती गई और बरामदगी का रास्ता खुलता गया। दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार तक से मोबाइल बरामद किए गए।

सातवीं बार पुलिस का बड़ा धमाका

वर्ष 2026 में यह सातवां मौका है, जब दुर्ग पुलिस ने गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। अब तक CEIR पोर्टल के माध्यम से 1,400 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई बताती है कि मोबाइल गुम होने के बाद उम्मीद छोड़ने की जरूरत नहीं, तकनीकी जांच से उसकी तलाश संभव है।

CEIR पोर्टल बना गुम मोबाइलों का सुराग

मोबाइल गुम होने के बाद CEIR पोर्टल पर दर्ज जानकारी के आधार पर उसकी तकनीकी पहचान की गई। मोबाइल के दोबारा उपयोग में आने पर प्राप्त तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद संबंधित जिलों और दूसरे राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल बरामद किए गए। स्वामित्व की पुष्टि के बाद फोन उनके असली मालिकों को सौंपे गए।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में सूचना दें और www.ceir.gov.in पर जाकर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। मोबाइल में स्क्रीन लॉक रखें, महत्वपूर्ण डाटा का बैकअप बनाएं और किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। किसी के साथ OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

दुर्ग पुलिस का संदेश साफ है—मोबाइल गुम हो सकता है, लेकिन उसकी तलाश की उम्मीद नहीं!

दुर्ग पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button