गांधी स्टेडियम और चौपाटी बने चोरों के निशाने पर! बिहार के शातिर आरोपी का अंबिकापुर में खेल खत्म, 5 चोरी की बाइक बरामद

मुकेश अग्रवाल
अंबिकापुर। शहर में मोटरसाइकिल चोरों के हौसले इस कदर बुलंद थे कि गांधी स्टेडियम और चौपाटी जैसे सार्वजनिक स्थान भी उनके निशाने से बच नहीं पाए। लोग अपनी बाइक खड़ी कर बेफिक्र होकर जाते और वापस लौटने पर उनकी गाड़ी गायब मिलती। लेकिन इस बार पुलिस की घेराबंदी ने कथित शातिर वाहन चोर के खेल पर विराम लगा दिया। कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के पांच मामलों का खुलासा करते हुए बिहार के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है।
एक बाइक की तलाश में खुल गया पांच चोरियों का राज!
मामले की शुरुआत 12 नवंबर 2026 को हुई, जब महुआपारा निवासी आदित्य कुजूर अपनी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/DK/2980 से गांधी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक स्टेडियम के बाहर खड़ी की और कुछ देर बाद वापस लौटे तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी जब वाहन नहीं मिला तो उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 790/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी एवं चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने के निर्देश दिए।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, बिहार का आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध विजय गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विजय गुप्ता, पिता इन्द्रदेव गुप्ता, उम्र 50 वर्ष, निवासी डेहरी कोयला डिपो के पास, थाना डेहरी, जिला रोहतास (बिहार), वर्तमान निवास केदारपुर, अंबिकापुर बताया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने गांधी स्टेडियम के बाहर से आदित्य कुजूर की होंडा ड्रीम युगा चोरी करना स्वीकार किया। इतना ही नहीं, पूछताछ में चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलों का भी खुलासा हुआ।
पांच बाइक, तीन लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें शामिल हैं—
01 होंडा ड्रीम युगा
01 बजाज सीटी
01 हीरो स्प्लेंडर प्लस
02 होंडा ड्रीम शाइन
बरामद पांचों मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
वाहन चोरों पर पुलिस का शिकंजा जारी
एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक आलोक सोनी, प्रधान आरक्षक सूरज राय, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा एवं शिव राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ है कि शहर में वाहन चोरी कर बच निकलना आसान नहीं होगा।