धरमजयगढ़ में 900 जवानों का सुरक्षा चक्र! 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर पुलिस का अभेद्य पहरा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के आगमन पर रायगढ़ पुलिस हाई अलर्ट; 10 एडिशनल एसपी और 24 डीएसपी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

मुकेश अग्रवाल
15 नवंबर को धरमजयगढ़ का दशहरा मैदान एक बड़े राजनीतिक एवं जनजातीय आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के वृहद समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों सहित हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा का ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया है, जिसमें चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। समारोह की सुरक्षा के लिए पूरे 900 पुलिस अधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है। साफ है कि अतिथियों की सुरक्षा से लेकर आम नागरिकों की आवाजाही तक, हर मोर्चे पर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
900 जवानों के भरोसे सुरक्षा, 10 एडिशनल एसपी और 24 डीएसपी को कमान
कार्यक्रम की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी डीआईजी एवं एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए 22वीं वाहिनी कांकेर के सेनानी श्री अभिषेक वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी को जिम्मेदारी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 10 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 24 उप पुलिस अधीक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर लगभग 250 जवान तैनात रहेंगे, जबकि आउटर सुरक्षा घेरे में भी पुलिस बल लगातार निगरानी करेगा।
रेंज आईजी ने खुद संभाला मोर्चा, जवानों को दी गई ब्रीफिंग
समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पिछले एक सप्ताह से प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार जुटे हुए हैं। 13 नवंबर को कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी।
वहीं 14 नवंबर को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के साथ पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कार्यक्रम में तैनात अधिकारियों एवं जवानों को ब्रीफ कर वीआईपी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 100 जवान, 10 पार्किंग स्थल तैयार
हजारों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए अलग से विशेष प्लान तैयार किया गया है। एक एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और 100 जवानों की विशेष टीम यातायात संभालेगी।
वीआईपी, मीडिया प्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए अलग-अलग कुल 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए पृथक रूट मैप भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वाहनों की भीड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
चार दिशाओं में चार कट-ऑफ पॉइंट, सुबह 4 बजे से भारी वाहनों पर प्रतिबंध
15 नवंबर को सुबह 4 बजे से धरमजयगढ़ में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए चारों दिशाओं से आने वाले प्रमुख मार्गों पर चार कट-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं।
रायगढ़ मार्ग: सरिया नाला मंदिर के पास।
छाल मार्ग: भारतमाला ब्रिज के पास प्रेमनगर।
कापू मार्ग: माण्ड नदी पुल के पास।
पत्थलगांव मार्ग: नटवर पेट्रोल पंप के पास।
इन स्थानों पर भारी वाहनों को रोका जाएगा, जिससे समारोह के दौरान शहर में यातायात सुचारू बना रहे।
आपात स्थिति से निपटने भी विशेष इंतजाम
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त इंतजाम भी किए हैं। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट रखा गया है। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए गिरफ्तारी पार्टी भी तैनात रहेगी। वन विभाग और स्थानीय कंपनियों के सुरक्षा गार्ड भी विभिन्न स्थानों पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
पुलिस की अपील—निर्धारित रूट और पार्किंग का ही करें इस्तेमाल
रायगढ़ पुलिस ने समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के निर्देशों का पालन करें, ताकि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
900 जवानों की तैनाती, चार दिशाओं में निगरानी और यातायात का सख्त प्लान—धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली है।