सोशल मीडिया पर लाइक्स-व्यूज का चढ़ा ऐसा खुमार, सड़क को ही बना दिया स्टंट का अड्डा! पांच युवकों की मस्ती का अंत पहुंचा जेल में

मुकेश अग्रवाल

। सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज बटोरने का जुनून पांच युवकों को ऐसा महंगा पड़ा कि बाइक पर स्टंट दिखाने का उनका शौक सीधे जेल की सलाखों तक जा पहुंचा। शहर की सड़कों को स्टंट का मैदान समझकर चलती मोटरसाइकिल पर खतरनाक करतब और सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों की पहचान कर उन्हें अभिभावकों के साथ थाने बुलाया, समझाइश दी और फिर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भिजवा दिया।

मामला 9 नवंबर की रात का है। जानकारी के मुताबिक दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवकों ने चलती बाइक पर खतरनाक स्टंटबाजी शुरू कर दी। इतना ही नहीं, सार्वजनिक सड़क पर आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकतें करते हुए उसका वीडियो भी बनाया जा रहा था। युवकों की इस करतूत को देखकर एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी।

वीडियो सामने आते ही हरकत में आई पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने इसकी जानकारी एसएसपी शशि मोहन सिंह को दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया।

पुलिस ने युवकों और उनके परिजनों को स्पष्ट किया कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी केवल खुद की जान को खतरे में डालना नहीं है, बल्कि राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों की जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ है। सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए सार्वजनिक सुरक्षा को दांव पर लगाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

समझाइश के बाद भी नहीं मिली राहत, एसडीएम कोर्ट से जेल वारंट

पुलिस ने पांचों युवकों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी पांचों युवकों को जेल दाखिल करा दिया गया।

इन पांच युवकों पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए युवकों में विद्याधर देवांगन (21), ऋतिक बरेठ (21), आशीष चौहान (21), आकाश शर्मा (21) और मनीष शर्मा (21) शामिल हैं। सभी रायगढ़ शहर के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी बताए गए हैं।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की भी पैनी नजर

रायगढ़ पुलिस अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो और गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों, वाहन चलाने के तरीके और सोशल मीडिया पर की जाने वाली हरकतों पर ध्यान दें।

एसएसपी शशि मोहन सिंह

सड़क स्टंटबाजी का अड्डा नहीं

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी दांव पर लगाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकत और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

कुल मिलाकर, सोशल मीडिया पर हीरो बनने निकले युवकों को पुलिस ने कानून का ऐसा आईना दिखाया कि लाइक्स और व्यूज की जगह अब जेल की कार्रवाई चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button