भगवा ध्वजों के सैलाब से भगवामय हुआ पत्थलगांव, भोजपुरी समाज की बाइक रैली ने बांधा समां! जय छठी मैया और सूर्य देव के जयकारों से गूंजा शहर, युवाओं ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ; आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे हजारों श्रद्धालु

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पत्थलगांव में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अनूठा नजारा देखने को मिला। छठ महापर्व की धार्मिक उमंग के बीच रविवार को भोजपुरी समाज के युवाओं एवं पदाधिकारियों ने भगवा ध्वजों के साथ शहर में ऐसी भव्य बाइक रैली निकाली कि पूरा पत्थलगांव भगवामय नजर आने लगा। सड़कों पर लहराते भगवा ध्वज और गूंजते जय छठी मैया एवं सूर्य देव भगवान के जयकारों ने शहर के माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

भोजपुरी समाज के युवा एवं पदाधिकारी सुबह 10 बजे हरियाणा पंचायती धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां से बाइक रैली का शुभारंभ हुआ। रैली रायगढ़ रोड से होते हुए अंबिकापुर रोड, पुरानी बस्ती और प्रेमनगर छठ घाट पहुंची। इसके पश्चात रैली पूरन तालाब स्थित छठ घाट पहुंची, जहां हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष युवाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।

भगवा ध्वज, धार्मिक जयकारे और युवाओं का जोश बना आकर्षण

बाइक रैली में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर की सड़कों पर भगवा ध्वजों से सजी बाइकों का काफिला और छठी मैया की जयकारों ने धार्मिक वातावरण को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। रैली के माध्यम से भोजपुरी समाज ने छठ महापर्व के प्रति अपनी आस्था, एकजुटता और सांस्कृतिक परंपरा का शानदार परिचय दिया।

दुल्हन की तरह सजा पूरन तालाब छठ घाट, आज डूबते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

छठ महापर्व को लेकर पत्थलगांव के प्रसिद्ध पूरन तालाब छठ घाट को आकर्षक रंगीन रोशनी और सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। घाट की भव्य सजावट देखते ही बन रही है। श्रद्धालुओं के स्वागत और पूजा-अर्चना के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। रविवार शाम 3 बजे से ही व्रती महिलाएं, श्रद्धालु और उनके परिजन छठ घाटों पर पहुंचना शुरू करेंगे।

आज शाम व्रती श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य देव को प्रथम सांध्य अर्घ्य अर्पित करेंगे तथा छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की मंगलकामना करेंगे।

पूरा पत्थलगांव इन दिनों छठी मैया की भक्ति में सराबोर है। घाटों की जगमगाती रोशनी, आस्था से भरे श्रद्धालु और गूंजते छठ गीतों के बीच शहर में लोक आस्था के इस महापर्व की भव्यता देखते ही बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button