अंग्रेजों के जमाने का पुल बना ‘मौत का पुल’! गड्ढों ने छीना ट्रेलर का नियंत्रण, खाई में जा गिरा वाहन, तीन गंभीर घायल अखबारों में खबरें छपती रहीं, अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोते रहे! क्या प्रशासन को अब भी किसी बड़ी जनहानि का इंतजार है?

अंग्रेजों के जमाने का पुल बना ‘मौत का पुल’! गड्ढों ने छीना ट्रेलर का नियंत्रण, खाई में जा गिरा वाहन, तीन गंभीर घायल
अखबारों में खबरें छपती रहीं, अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोते रहे! क्या प्रशासन को अब भी किसी बड़ी जनहानि का इंतजार है
पत्थलगांव। अंग्रेजों के जमाने में बने पुल की उम्र भले ही दशकों पहले पूरी हो चुकी हो, लेकिन सरकारी सिस्टम की फाइलों में शायद इसकी उम्र अभी बाकी है! पुल जर्जर है, सड़क पर जानलेवा गड्ढे हैं, दोनों ओर झाड़ियों का कब्जा है और जिम्मेदार अधिकारी मानो किसी बड़े हादसे की प्रतीक्षा में बैठे हैं। आखिर कब जागेगा प्रशासन? क्या लोगों की जान की कीमत किसी सरकारी फाइल से भी कम हो गई है?
पत्थलगांव-रायगढ़ सीमा पर स्थित नंदन झरिया पुल अब राहगीरों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि खतरे का दूसरा नाम बन चुका है। पुल की बदहाल स्थिति और आसपास सड़क पर बने विशालकाय गड्ढों को लेकर समाचार पत्रों में कई बार खबरें प्रकाशित की गईं। चेतावनी भी दी गई, सवाल भी उठाए गए, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। नतीजा एक बार फिर सामने है।

तड़के हुआ हादसा, खाई में जा गिरा ट्रेलर
ताजा घटना में तड़के नंदन झरिया पुल के पास जर्जर पुल और सड़क के गड्ढों के कारण एक ट्रेलर चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रेलर सीधे सड़क किनारे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन में सवार गौरी शंकर गौड़, विजय कुमार और रामानंद गौड़, निवासी बमणी, उत्तर प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में ट्रेलर क्रमांक CG 13 BM 4815 को भी भारी क्षति पहुंची है।
सड़क है या गड्ढों का जाल, झाड़ियों ने बना दिया जंगल!
नंदन झरिया पुल के दोनों ओर सड़क की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि यहां से गुजरना किसी जोखिम भरे सफर से कम नहीं है। बड़े-बड़े गड्ढे, सड़क पर फैली झाड़ियां और बदहाल पुल वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। रात के अंधेरे में तो इस मार्ग से गुजरना और भी मुश्किल हो जाता है। आए दिन लोग इन गड्ढों के कारण दुर्घटना का शिकार होने के खतरे से जूझ रहे हैं।
खबरें छपती रहीं, हादसे होते रहे, मगर सिस्टम नहीं जागा!
हैरानी की बात यह है कि पुल की बदहाली कोई नई समस्या नहीं है। लंबे समय से इसकी दुर्दशा को लेकर आवाज उठाई जा रही है। समाचार पत्रों में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने स्थायी समाधान की दिशा में कितनी गंभीर पहल की, यह अब बड़ा सवाल बन गया है।
आखिर पुल की मरम्मत और नए पुल के निर्माण की जिम्मेदारी किसकी है? क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों ने कभी मौके पर पहुंचकर इसकी वास्तविक स्थिति देखने की जहमत उठाई? यदि शिकायतों और प्रकाशित खबरों के बाद भी कार्रवाई नहीं होती, तो फिर आम नागरिक अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करें?
अब सवाल सीधा है—हादसे के बाद जागेगा प्रशासन या पहले?
तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने एक बार फिर व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस दुर्घटना को महज एक सामान्य हादसा मानकर फाइलों में दफन कर देता है या फिर नंदन झरिया पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण और सड़क के गड्ढों की मरम्मत के लिए ठोस पहल करता है।
क्योंकि सवाल सिर्फ एक ट्रेलर का नहीं, बल्कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों राहगीरों और वाहन चालकों की जिंदगी का है।
आखिर कब तक अंग्रेजों के जमाने का यह पुल लोगों की परीक्षा लेता रहेगा? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी जनहानि के बाद ही अपनी नींद से जागेंगे?