बिजली बिल मांगने पहुंचे इंजीनियर पर टूट पड़े पिता-पुत्र! ₹1.67 लाख बकाया वसूली के दौरान मारपीट, जान से मारने की धमकी; दोनों गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

मुकेश अग्रवाल
जशपुर/बगीचा। बिजली बिल का बकाया मांगना एक असिस्टेंट इंजीनियर को भारी पड़ गया। करीब 1 लाख 67 हजार रुपये की बिजली बिल वसूली करने ग्राम महादेवडांड़ पहुंचे बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर और उनके स्टाफ के साथ ऐसा विवाद हुआ कि मामला गाली-गलौज से मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। आरोप है कि बकाया बिल जमा करने के बजाय पिता-पुत्र ने इंजीनियर पर हमला कर दिया। लकड़ी के डंडे से किए गए हमले में इंजीनियर के सिर और कंधे में चोट आई। घटना के बाद बगीचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
₹1.67 लाख का बिल बकाया, वसूली करने पहुंचे तो शुरू हुआ विवाद!
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 13 नवंबर 2026 की है। बगीचा के असिस्टेंट इंजीनियर भूपेन्द्र राठौर अपने स्टाफ के साथ ग्राम महादेवडांड़ में बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने पहुंचे थे। गांव में करीब ₹1.67 लाख की बकाया राशि को लेकर पंखरासियुस तिर्की ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि बकाया राशि जमा करने के बजाय गाली-गलौज की जाने लगी।
पुत्र भी पहुंचा, फिर इंजीनियर पर कर दिया हमला!
विवाद बढ़ता देख पंखरासियुस तिर्की का पुत्र सोमल तिर्की भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने इंजीनियर को जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे एवं अन्य वस्तु से हमला कर दिया। हमले में भूपेन्द्र राठौर के सिर और कंधे में चोट आई। इसके बाद पीड़ित ने थाना बगीचा पहुंचकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस का एक्शन, पिता-पुत्र दोनों गिरफ्तार!
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 296, 351(2), 221, 132, 121(1), 121(2) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 15 नवंबर 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी पिता-पुत्र
सोमल तिर्की (31 वर्ष), पिता पंखरासियुस तिर्की।
पंखरासियुस तिर्की (73 वर्ष), पिता स्व. सिरिल तिर्की।
एसएसपी की दो टूक—शासकीय काम में बाधा और कर्मचारियों से मारपीट बर्दाश्त नहीं!
एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना और शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है। कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से कानून का सम्मान करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक इस्ताक खान, आरक्षक मुकेश पाण्डेय एवं आरक्षक महेश मालाकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अब सवाल यह है कि सरकारी ड्यूटी निभाने पहुंचे कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन सुनिश्चित करेगा? बिजली बिल की वसूली हो या कोई अन्य शासकीय काम, कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी की घटनाएं सरकारी व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती हैं।