उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का भव्य समापन, पूरन तालाब में उमड़ा आस्था का सैलाब, विधायक, सरगुजा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोमती साय ने तालाब में उतरकर व्रतियों के साथ की पूजा-अर्चना, भोजपुरी समाज की भव्य सजावट और व्यवस्थाओं की जमकर हुई सराहना

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हो गया। पत्थलगांव के ऐतिहासिक पूरन तालाब छठ घाट पर सुबह से ही आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा वातावरण छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में घाट का नजारा देखते ही बन रहा था।

भोर होने से पहले ही व्रती महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर घाट पहुंचने लगी थीं। चार दिनों तक कठिन नियम, संयम और निष्ठा के साथ व्रत रखने वाली महिलाओं ने तालाब के जल में खड़े होकर उगते सूर्यदेव की प्रतीक्षा की। जैसे ही भगवान भास्कर की पहली किरण दिखाई दी, पूरा घाट जय छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा। व्रतियों ने फल, ठेकुआ, नारियल और पारंपरिक प्रसाद से सजे सूप के माध्यम से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
तालाब में उतरकर विधायक गोमती साय ने व्रतियों के साथ की पूजा-अर्चना
छठ महापर्व के समापन अवसर पर पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय भी पूरन तालाब छठ घाट पहुंचीं। उन्होंने स्वयं तालाब में उतरकर छठ व्रतियों के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और पत्थलगांव सहित क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच अपने हाथों से छठी मैया का प्रसाद भी वितरित किया।

भोजपुरी समाज के अध्यक्ष धनंजय तिवारी सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक गोमती साय का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर गोमती साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में पूजा-पाठ एवं आस्था का विशेष महत्व है। सूर्य भगवान संपूर्ण संसार को ऊर्जा और जीवन प्रदान करते हैं। हम सभी प्रतिदिन सूर्यदेव के दर्शन और स्मरण के साथ अपने कार्यों की शुरुआत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजते हुए सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए।
विधायक ने भोजपुरी समाज के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके प्रति आभार भी व्यक्त किया।

40 लाख की घोषणा अब धरातल पर उतरने लगी, छठ घाट को मिलेगा नया स्वरूप
छठ घाट के विकास को लेकर भी इस बार विशेष चर्चा रही। विधायक गोमती साय द्वारा पिछले वर्ष भोजपुरी समाज के छठ घाट के विकास के लिए 40 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की गई थी। अब यह घोषणा धरातल पर फलीभूत होती दिखाई दे रही है। इससे आने वाले समय में पूरन तालाब छठ घाट को और बेहतर स्वरूप मिलने तथा श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।
रंगीन रोशनी और आकर्षक सजावट ने मोहा मन, भोजपुरी समाज की व्यवस्था की हुई सराहना
भोजपुरी समाज छठ समिति द्वारा घाट की साफ-सफाई, रंगीन रोशनी, आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। पूरे घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रोशनी से जगमगाता तालाब और छठी मैया के मधुर गीतों से गूंजता वातावरण श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पत्थलगांव के नागरिकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं और भव्य सजावट की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद समिति के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं को संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, थाना प्रभारी का किया सम्मान

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पत्थलगांव थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम द्वारा यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान आवागमन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग मिला। इसके लिए छठ समिति की ओर से थाना प्रभारी को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी समाज के अध्यक्ष धनंजय तिवारी ने विधायक गोमती साय को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। मंच संचालन जितेंद्र गुप्ता ने आकर्षक एवं प्रभावशाली अंदाज में किया।

इस अवसर पर मनोज तिवारी, प्रदीप गुप्ता, अरुण गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, अशोक साहू, रोशन साहू, शंकर गुप्ता, कृष्णा सिंह, नीरज गुप्ता, संजय तिवारी, अवधेश गुप्ता सहित भोजपुरी समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन भले ही उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो गया, लेकिन पूरन तालाब में उमड़ी आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता की तस्वीरें लंबे समय तक लोगों के दिलों में यादगार बनी रहेंगी।