52 बार रक्तदान कर चुके ऋषि अग्रवाल पहुंचे राजभवन, राज्यपाल के सामने उठाई रक्त की किल्लत और जागरूकता की आवाज!

मुकेश अग्रवाल
अंबिकापुर में रक्तदान अभियान को व्यापक बनाने और युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान से जोड़ने पर हुई चर्चा, राज्यपाल ने जिला कलेक्टर से बात कर आवश्यक पहल का दिया आश्वासन
रायपुर। रक्तदान के जरिए अब तक 52 बार जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दे चुके अंबिकापुर, सरगुजा निवासी रक्तवीर ऋषि अग्रवाल ने रायपुर स्थित राजभवन (गवर्नर हाउस) में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण मुद्दा राज्यपाल के समक्ष उठाया।
रक्तदान के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय ऋषि अग्रवाल ने मुलाकात के दौरान बताया कि आज भी कई बार अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजनों को आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समाज में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की संख्या बढ़ाना और नियमित जागरूकता अभियान चलाना बेहद जरूरी है।
52 बार रक्तदान कर चुके हैं ऋषि अग्रवाल
अंबिकापुर निवासी ऋषि अग्रवाल का रक्तदान के प्रति समर्पण अपने आप में प्रेरणादायक है। वे अब तक 52 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनका मानना है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का मानवीय संकल्प है। इसी सोच के साथ वे अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने में जुटे हैं।
राज्यपाल ने गंभीरता से सुनी बात, कलेक्टर से चर्चा का दिया भरोसा
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ऋषि अग्रवाल द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना और इस सामाजिक पहल के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे अंबिकापुर के जिला कलेक्टर से इस संबंध में चर्चा करेंगे तथा रक्तदान जागरूकता के लिए आवश्यक प्रयास करवाने की पहल करेंगे।
राज्यपाल के इस आश्वासन से रक्तदान अभियान से जुड़े लोगों में नई उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि प्रशासनिक स्तर पर पहल होने से सरगुजा क्षेत्र में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकेंगे।
ऋषि का संकल्प—रक्त के अभाव में किसी की जिंदगी संकट में न पड़े
ऋषि अग्रवाल का उद्देश्य है कि रक्त की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज को परेशानी न उठानी पड़े। इसके लिए समाज के हर वर्ग को रक्तदान की मुहिम से जोड़ना और युवाओं में सेवा एवं सहयोग की भावना विकसित करना आवश्यक है।
राज्यपाल श्री रमेन डेका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऋषि अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान जैसे जीवनरक्षक कार्य के प्रति उनका सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोग का आश्वासन इस मुहिम को आगे बढ़ाने में प्रेरणादायक साबित होगा।
रक्तदान महादान है—52 बार रक्तदान कर चुके ऋषि अग्रवाल का संदेश है कि मानवता की सेवा का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि आपके रक्त से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सके।