नशे में धुत चालक का सड़क पर कहर! शो-रूम के सामने बेकाबू कार ने 9 वाहनों को उड़ाया, 4 लोग गंभीर घायल शराब के नशे में रफ्तार का तांडव! गलत दिशा में दौड़ती आर्टिगा ने मचाई तबाही, भीड़ ने चालक को दौड़ाकर पकड़ा

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। सड़क पर नशे और रफ्तार का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने पलभर में सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को हादसे की चपेट में ला दिया। पत्थलगांव के पालीडीह स्थित जिंदल बजाज शो-रूम के सामने नशे की हालत में तेज रफ्तार और गलत दिशा में कार दौड़ाने वाले चालक ने जमकर तबाही मचाई। बेकाबू आर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़ी दो चारपहिया वाहनों और सात मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी, वहीं चार लोगों को अपनी चपेट में लेकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कार डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई और मौके पर मौजूद लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना 16 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे की है। जानकारी के मुताबिक बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और साथी सीताराम नायक व संदीप चौहान के साथ आल्टो कार से पालीडीह स्थित जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शो-रूम में बाइक देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका दोस्त विके बंजारा भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। सभी ने अपने वाहन शो-रूम के सामने सड़क किनारे खड़े किए और बाइक देखने अंदर चले गए।

इसी बीच पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कार क्रमांक CG13AN1090 का चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए सड़क की गलत दिशा में जा घुसा। देखते ही देखते कार ने सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर और आल्टो कार सहित सात मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इतना ही नहीं, शो-रूम के सामने मौजूद लोगों को भी कार ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस हादसे में बोधलाल नायक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई

।इस दुर्घटना में स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG15CU9284, आल्टो कार क्रमांक CG04KQ4824 और सात मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हुईं। क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों में विके बंजारा, नरेन्द्र यादव, भुनेश्वर नाग, दिलेश्वर नाग, हरिशंकर यादव, दिनेश यादव एवं महेश जिंदल के वाहन शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।

पत्थलगांव पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा

मामले में प्रार्थी बोधलाल नायक की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 276/2026, धारा 110 एवं 324(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसके द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किए जाने एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार क्रमांक CG13AN1090 को भी पुलिस ने जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में विवेचना जारी है।

जशपुर पुलिस की अपील

जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं। निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी दूसरों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button