इंदिरा गांधी की जयंती भी नहीं जगा पाई पत्थलगांव कांग्रेसियों को! जिस प्रतिमा के नाम पर लाखों खर्च हुए, आज उसी की सुध लेने वाला कोई नहीं पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे में चमकाया गया इंदिरा चौक अब बदहाली के आंसू बहा रहा, प्रतिमा का रंग उड़ा, आसपास गंदगी और शराबखोरी का माहौल जयंती पर न माल्यार्पण, न साफ-सफाई! आखिर कांग्रेसियों की यादों से कैसे गायब हो गईं आयरन लेडी इंदिरा गांधी?

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। राजनीति में बड़े-बड़े नेताओं की तस्वीरें और प्रतिमाएं लगाने के लिए तो खूब उत्साह दिखाया जाता है, लेकिन उनकी विरासत को संभालने की बारी आए तो जिम्मेदारी जैसे अचानक गायब हो जाती है। पत्थलगांव के हृदय स्थल पर स्थित इंदिरा चौक की बदहाली कुछ ऐसी ही कहानी बयां कर रही है। जिस इंदिरा गांधी की प्रतिमा को स्थापित करने और चौक को सजाने में लाखों रुपये खर्च किए गए थे, आज वही प्रतिमा देखरेख के अभाव में बदरंग होती जा रही है। विडंबना देखिए कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती भी स्थानीय कांग्रेसियों को इस चौक की सुध लेने के लिए नहीं जगा सकी।

बताया जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पत्थलगांव प्रवास के दौरान आनन-फानन में इंदिरा गांधी की प्रतिमा स्थापित कर चौक का सौंदर्यीकरण कराया गया था। उस समय चौक की चमक-दमक देखते ही बनती थी। लेकिन लगता है कि उद्घाटन और राजनीतिक कार्यक्रमों की चमक खत्म होते ही देखरेख की जिम्मेदारी भी कहीं गुम हो गई। कुछ ही समय में प्रतिमा का रंग उतरने लगा और अब उसकी खूबसूरती बदहाली में तब्दील होती दिखाई दे रही है।

चौक बना बदहाली का ठिकाना, गंदगी और शराबखोरी से बिगड़ रही पहचान

इंदिरा चौक के आसपास गंदगी का आलम है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां असामाजिक गतिविधियां और शराबखोरी भी देखने को मिलती है। जिस स्थान को शहर की पहचान और सम्मान का प्रतीक होना चाहिए, वहां की स्थिति देखकर सहज ही सवाल उठता है कि आखिर इस चौक की जिम्मेदारी किसकी है? क्या प्रतिमा स्थापित कर देना ही सम्मान है, या उसकी नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा भी किसी की जिम्मेदारी है?

जयंती आई और चली गई, कांग्रेसियों को याद तक नहीं आई इंदिरा गांधी!

इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प और व्यंग्यात्मक पहलू यह है कि हर वर्ष इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिमा की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया जाता रहा है। लेकिन इस बार जयंती के अवसर पर न तो पहले जैसी सक्रियता दिखाई दी और न ही चौक की साफ-सफाई को लेकर कोई विशेष पहल नजर आई। ऐसे में शहर में चर्चा है कि क्या कांग्रेसियों के लिए इंदिरा गांधी की जयंती भी अब महज कैलेंडर की एक तारीख बनकर रह गई है?

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जब वरिष्ठ नेताओं ने ही जयंती मनाने में कोई खास रुचि नहीं दिखाई तो छोटे कार्यकर्ताओं से सक्रियता की उम्मीद आखिर कैसे की जाए? हालांकि इस चर्चा की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चौक की मौजूदा तस्वीर कई सवाल जरूर खड़े कर रही है।मौजूदा तस्वीर कई सवाल जरूर खड़े कर रही है।

सवाल बड़ा है, प्रतिमा लगाकर जिम्मेदारी खत्म या सम्मान बचाने की भी है जवाबदेही?

इंदिरा गांधी देश की पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय राजनीति की प्रभावशाली शख्सियतों में शामिल रही हैं। उनकी प्रतिमा का इस तरह बदरंग होना और आसपास गंदगी पसरी रहना शहर के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है। अब सवाल यह है कि नगर पंचायत प्रशासन इस चौक की सुध कब लेगा? क्या स्थानीय कांग्रेस नेता अपनी ही पार्टी की पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा की बदहाली देखकर भी अनजान बने रहेंगे?

फिलहाल इंदिरा चौक की बदरंग प्रतिमा मानो खामोशी से एक सवाल पूछ रही है—जिस जयंती पर कभी माल्यार्पण के लिए कतार लगती थी, आज उसी जयंती पर मेरी सुध लेने वाला भी कोई नहीं?

अब देखना यह होगा कि इंदिरा गांधी की इस बदहाल प्रतिमा की सुध लेने के लिए जिम्मेदारों की नींद कब टूटती है, या फिर चौक की किस्मत भी राजनीतिक आयोजनों की तरह सिर्फ खास मौकों पर ही चमकती रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button