गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पत्थलगांव में कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा, सात दिनों से गूंज रही गुरु वाणी 50 वर्षों से अधिक पुरानी परंपरा को भव्य स्वरूप देने में जुटा सिख समाज, प्रभात फेरियों में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बढ़-चढ़कर ले रहे हिस्सा

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर पत्थलगांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल है। प्रकाश पर्व को यादगार और भव्य बनाने के लिए सिख समाज के लोग पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। शहर में लगातार सात दिनों से प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं, जिनमें महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ शामिल होकर गुरु नानक देव जी की वाणी और भजनों का गुणगान कर रहे हैं।

प्रकाश पर्व के अवसर पर 22 नवंबर को पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह है। वहीं 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में सजे पाठ की समाप्ति होगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया जाएगा।इस आयोजन की खास परंपरा के अनुसार प्रतिदिन समाज के किसी एक परिवार अथवा प्रतिष्ठान में पहुंचकर गुरु की अरदास और कीर्तन किया जाता है। इसके पश्चात जलपान की व्यवस्था होती है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी गुरुसिंह सभा संभाल रही है।

50 साल की परंपरा को आगे बढ़ाने समाज एकजुट

गुरुसिंह सभा के उपाध्यक्ष गुरशरण सिंह भाटिया ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरु के अटूट लंगर का विशेष महत्व है। शोभायात्रा से लेकर गुरुद्वारा साहिब में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों तक सभी तैयारियां समाज के सामूहिक सहयोग से की जा रही हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और जत्थों के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।

22 नवंबर को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा और 24 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में होने वाले धार्मिक आयोजन को लेकर पत्थलगांव का सिख समाज पूरी तरह उत्साहित है। गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश के साथ यह आयोजन एक बार फिर सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव की मिसाल पेश करने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button