रात में ट्रकों की रेकी, सुबह डीजल गायब; जाइलो सवार चोर और ढाबा संचालक गिरफ्तार

मुकेश अग्रवाल
सड़क किनारे खड़े ट्रक भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। रात के अंधेरे में ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर तेल उड़ाने वाले शातिर चोरों का पूंजीपथरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चोरों का अंदाज भी कुछ कम फिल्मी नहीं था। महिंद्रा जाइलो कार में सवार होकर पहले ट्रकों की रेकी करते, फिर मौका मिलते ही डीजल टंकियों पर हाथ साफ कर देते। पांच ट्रकों से करीब 300 लीटर डीजल चोरी करने के इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ चोरी का डीजल खरीदकर खपाने वाले पूजा ढाबा संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर चोरी का डीजल और करीब 3 लाख रुपये कीमत की जाइलो कार जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जाइलो कार बनी चोरी का हथियार, पांच ट्रक बने निशाना
मामले का खुलासा तब हुआ जब 18 नवंबर को ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय (38 वर्ष) ने थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 17 नवंबर की रात वह अपने ट्रक क्रमांक CG 15 EB 8542 को सड़क किनारे खड़ा कर सो गया था। सुबह जब नींद खुली तो ट्रक की डीजल टंकी टूटी हुई थी और उसमें से डीजल गायब था। इतना ही नहीं, आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की टंकियां भी तोड़ दी गई थीं। अज्ञात चोर पांच ट्रकों से करीब 300 लीटर डीजल पार कर चुके थे।
ट्रक चालकों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना ने खोला चोरी का राज
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और संदेहियों की तलाश शुरू हुई।
इसी दौरान पुलिस को सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो डीजल चोरी की पूरी कहानी सामने आ गई।
जरूरत पैसों की थी, इसलिए ट्रकों को बना लिया निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपी सूरज यादव ने बताया कि वह करीब एक साल से रायगढ़ में छोटी गाड़ी चलाता है और उसने पुरानी महिंद्रा जाइलो कार खरीद रखी है। पैसों की जरूरत के चलते उसने 17 नवंबर की रात जाइलो कार से सुनसान जगहों पर खड़े ट्रकों की रेकी की और पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर डीजल खाली ड्रमों में भर लिया।
चोरी के डीजल में से कुछ हिस्सा ट्रक चालकों को बेचा गया, जबकि कुछ डीजल संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक मुकेश कुमार मखीजा को बेच दिया। शेष डीजल आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा था।
ढाबे पर भी पुलिस की दबिश, चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा में दबिश दी। ढाबा संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़ से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने सूरज यादव के कब्जे से 50 लीटर और ढाबा संचालक मुकेश मखीजा के कब्जे से 30 लीटर डीजल बरामद किया। कुल 80 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये है, जब्त किया गया। साथ ही चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035, कीमत करीब 3 लाख रुपये, भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली। चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
गिरफ्तार आरोपी
सूरज यादव (23 वर्ष) पिता लोहरा राम यादव, निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान पता दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़।
मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष) पिता विजय मखीजा, निवासी बोईरदादर रायगढ़, संचालक पूजा ढाबा संबलपुरी।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल एवं शेखर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही
ट्रकों से डीजल चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदकर कारोबार चलाने वालों पर भी पुलिस की नजर है। अब सवाल यह है कि चोरी के डीजल का बाकी हिस्सा किन-किन लोगों तक पहुंचा और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है?