बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर पत्थलगांव होगा श्याममय, आज निकलेगी भव्य निशान यात्रा दिल्ली के प्रसिद्ध भजन गायक मयूर रस्तोगी की भजनों पर झूमेंगे श्रद्धालु, केक काटकर मनेगा बाबा का जन्मोत्सव; श्याम मंदिर में होगा भव्य धार्मिक आयोजन

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। देवउठनी एकादशी एवं खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव को लेकर पत्थलगांव में भक्ति और उल्लास का माहौल बनने जा रहा है। शहर के श्याम मंदिर में बाबा श्याम के जन्मोत्सव को यादगार बनाने के लिए श्याम सेवा समिति एवं श्याम सखा परिवार द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाबा के दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्याम भक्तों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
निशान यात्रा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
जन्मोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक एवं मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। पुजारी नीलेश महाराज द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं के बीच खाटू की प्रसिद्ध कढ़ी-कचौड़ी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। रात्रि में केक काटकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा तथा भक्तों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था रहेगी।
बारस पर प्रज्वलित होगी बाबा की पावन ज्योत
श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने बताया कि जन्मोत्सव के अगले दिन शनिवार को बारस के पावन अवसर पर श्याम मंदिर में बाबा की पवित्र ज्योत प्रज्वलित कर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। बाबा को खीर-चूरमा का भोग अर्पित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा।
श्याम सेवा समिति एवं श्याम सखा परिवार ने समस्त श्याम भक्तों और नगरवासियों से इस पावन आयोजन में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है