*ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल* *तितरमारा से जामुंडा-कटंगखार पहुंच मार्ग का विधायक गोमती साय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने किया भूमिपूजन*

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधायक पत्थलगांव, उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण एवं गुजरात सह-प्रभारी श्रीमती गोमती साय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय की उपस्थिति में तितरमारा से जामुंडा-कटंगखार पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
सड़क विकास किसी भी क्षेत्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होता है। बेहतर सड़कें न केवल गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ती हैं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन को भी आसान बनाती हैं। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेषकर विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को आने-जाने में सहूलियत होगी। साथ ही कृषि उपज के परिवहन, स्थानीय व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने भी क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। सड़क निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास के नए अवसर खुलेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरावती पैंकरा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत, जनपद सदस्य अटल साय, जनपद सदस्य श्रीमती सरोज आपट, मंडल अध्यक्ष रवि यादव, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश चौधरी, पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर, क्षेत्रीय जनपद सदस्य, सरपंच सहित भाजपा पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
भूमिपूजन के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।