विधायक निवास में लगा जनता का दरबार, गोमती साय ने सुनीं फरियादें, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। जनता की समस्याएं सुनने और उनके समाधान की पहल को लेकर पत्थलगांव विधायक एवं उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय एक बार फिर जनदर्शन के माध्यम से आम लोगों के बीच पहुंचीं। विधायक निवास कार्यालय पत्थलगांव में आयोजित जनदर्शन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों को उनके सामने रखा।
जनदर्शन में किसी ने व्यक्तिगत परेशानी बताई तो किसी ने गांव और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया। विधायक गोमती साय ने लोगों की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। इतना ही नहीं, उन्होंने विभिन्न आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से सीधे चर्चा कर समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
सिर्फ आवेदन लेने तक सीमित न रहे जनदर्शन, अधिकारियों को कार्रवाई का संदेश
विधायक गोमती साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं को महज औपचारिकता समझकर फाइलों में न उलझाया जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते आम नागरिकों की बात सुनना, उन्हें अपनी समस्याएं रखने के लिए सहज मंच उपलब्ध कराना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है।

जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद
जनदर्शन के जरिए विधायक गोमती साय ने यह संदेश दिया कि आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय करना जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि जनदर्शन में मिले निर्देशों पर विभागीय अधिकारी कितनी तत्परता से अमल करते हैं और फरियादियों को कितनी जल्दी राहत मिलती है।