कमीशन का खेल! ₹5 से 15 हजार के लालच में साइबर ठगों को बेच दिए बैंक खातों के रास्ते, दुर्ग पुलिस ने 3 म्यूल खाताधारकों को दबोचा उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खातों से साइबर ठगी की लाखों की रकम का हुआ लेन-देन, पासबुक से लेकर एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड तक बरामद

 

मुकेश अग्रवाल

/दुर्ग। चंद हजार रुपये के कमीशन का लालच और उसके बदले साइबर अपराधियों को बैंक खातों की चाबी! साइबर ठगी के काले कारोबार में अब ऐसे लोग भी पुलिस के निशाने पर हैं, जो खुद ठगी करने के बजाय अपने और दूसरों के बैंक खातों को अपराधियों के हवाले कर रहे हैं। दुर्ग पुलिस ने ऐसे ही कथित म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करने के मामले में तीन खाताधारकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड उपलब्ध कराने के बदले 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था। जांच में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के संबंधित खातों में साइबर ठगी से प्राप्त लाखों रुपये से अधिक की राशि का लेन-देन सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है।

खाते अपने, खेल साइबर ठगों का!

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खाताधारकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अपराध क्रमांक 1324/2026 की विवेचना के दौरान यह कार्रवाई की।

जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ के लालच में अपने साथ-साथ अन्य लोगों के बैंक खाते भी एजेंटों के माध्यम से उपलब्ध कराते थे। इसके लिए बैंक खाते से जुड़े जरूरी दस्तावेज, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर से उधर ट्रांसफर करने में किया जाता था।

5 से 15 हजार का लालच, लाखों की ठगी के लेन-देन में बने माध्यम

पुलिस जांच के मुताबिक, खातों और बैंकिंग दस्तावेजों के बदले आरोपियों को 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन मिलता था। मामूली रकम के लालच में बैंक खातों को साइबर अपराधियों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया गया। संबंधित खातों में साइबर ठगी से प्राप्त लाखों रुपये से अधिक की रकम का लेन-देन पाया गया है।

पुलिस ने बैंक खातों के तकनीकी विश्लेषण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 28 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।

ये तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

कांति प्रसाद पारधी (33 वर्ष) निवासी शुभम कॉलोनी, आर्य नगर, कोहका, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

वसीम खान (30 वर्ष) निवासी शर्मा कॉलोनी, करुणा हॉस्पिटल के पास, नंदिनी रोड, थाना छावनी, जिला दुर्ग।

पोषण निषाद (27 वर्ष) निवासी ग्राम अंजोरा, ओम कृषि केंद्र के पास, थनौद रोड, वर्तमान पता ग्राम रसमड़ा, बोगदा पुलिया, मुक्तिधाम के पास, चौकी अंजोरा, जिला दुर्ग।

बैंकिंग दस्तावेजों का जखीरा जब्त

पुलिस ने आरोपियों से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस अब इन खातों के जरिए हुए लेन-देन और साइबर ठगी की रकम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

दुर्ग पुलिस की दो टूक—खाता किराए पर देना भी पड़ सकता है भारी

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि कुछ हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या मोबाइल सिम किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। यदि आपके खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में होता है, तो आप भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।

किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button