वैज्ञानिक प्रतिभा का दम पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव की ईशिका पाल का राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय एवं जशपुर जिले का बढ़ाया गौरव, प्राचार्य तनु सिंह ठाकुर ने दी बधाई

Mukesh agrawal

पत्थलगांव (जशपुर)। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) 2026–27 में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों ने अपने नवाचारी एवं वैज्ञानिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय “Science and Innovation for Sustainability (सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार)” रखा गया था।

 

प्रतियोगिता के अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण, खाद्य एवं कृषि तथा स्वास्थ्य और भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुप्रयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने शोध एवं नवाचार प्रस्तुत किए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 156 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 16 प्रतिभाशाली बाल वैज्ञानिकों (10 सीनियर एवं 6 जूनियर वर्ग) का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया।

 

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, पत्थलगांव, जिला जशपुर की बालिका ईशिका पाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। ईशिका की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे जशपुर जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है।

 

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से ईशिका पाल, प्रियेश शर्मा एवं सुखमन कौर ने सहभागिता करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की प्रतिभा का परिचय दिया।

 

इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती तनु सिंह ठाकुर का प्रोत्साहन, मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास महत्वपूर्ण रहा। वहीं मार्गदर्शक शिक्षकों श्री शैलेश देवांगन, श्रीमती अंजू बड़ा एवं श्रीमती सविता एक्का ने विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट तैयार करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा प्रतियोगिता की तैयारी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

प्राचार्य श्रीमती तनु सिंह ठाकुर ने ईशिका पाल को राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, रचनात्मकता और समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करना आज की शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती हैं।

 

उन्होंने प्रतियोगिता में सहभागी सभी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है।

ईशिका पाल का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिभा और मेहनत का सम्मान है, बल्कि यह पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव एवं जशपुर जिले के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button