*बाजारपारा दुर्गा चौक में आस्था और सेवा का संगम, रोज हो रहा भव्य भंडारा*

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव / शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर पत्थलगांव के बाजारपारा दुर्गा चौक में भक्ति के साथ-साथ सेवा की भी अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यहां विराजमान मां दुर्गा के दरबार में प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।

 

*पहले कन्या पूजन, फिर भंडारा*

 

दुर्गा उत्सव समिति के सदस्य और समाजसेवी गोपाल अग्रवाल ने बताया कि बाजारपारा द्वारा प्रतिदिन की शुरुआत कन्या पूजन से की जाती है। समिति के सदस्यों द्वारा हर दिन नौ कन्याओं को सादर आमंत्रित कर विधि-विधान से उनका पूजन किया जाता है, उन्हें तिलक लगाकर भोजन कराया जाता है और दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया जाता है।

 

मान्यता है कि नवरात्र में कन्या पूजन से मां दुर्गा शीघ्र प्रसन्न होती हैं। इसी परंपरा का निर्वहन समिति वर्षों से करती आ रही है।

 

*हजारों भक्त ग्रहण कर रहे प्रसाद*

 

कन्या भोजन के पश्चात दोपहर से ही भंडारा प्रसाद का वितरण शुरू हो जाता है, जो देर शाम तक चलता है। समिति के सेवादार पूरी श्रद्धा के साथ पंगत में बैठाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद परोस रहे हैं।

 

स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी हजारों श्रद्धालु यहां प्रसाद ग्रहण करने पहुंच रहे हैं और पुण्य के भागीदार बन रहे हैं। भंडारे में ऐसी व्यवस्था की गई है कि मां के दरबार से कोई भी भक्त भूखा न जाए।

 

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मां दुर्गा की कृपा और नगरवासियों के सहयोग से पूरे नौ दिनों तक यह भंडारा अनवरत जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button