बाजारपारा दुर्गा पंडाल में आज भक्ति का महाकुंभ, सूरजपुर की जगराता मंडली बांधेगी समां रंगीन रोशनी से जगमगाया मां का दरबार, मटका फोड़ से लेकर म्यूजिकल हौजी तक मची धूम; भक्ति और मनोरंजन के संग नवरात्रि का उत्साह चरम पर

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर पत्थलगांव के बाजारपारा दुर्गा उत्सव समिति का पंडाल इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मां दुर्गा का भव्य दरबार रंग-बिरंगी रोशनी से इस कदर सजाया गया है कि इसकी मनमोहक छटा श्रद्धालुओं को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रही है। दिन ढलते ही जगमगाती लाइटों के बीच माता के दर्शन के लिए भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। वहीं, आज रात क्षेत्र में प्रसिद्ध सूरजपुर की जगराता मंडली माता के भजनों से भक्तिमय माहौल को और भी खास बनाएगी।
आज रात माता के जयकारों से गूंजेगा बाजारपारा
बाजारपारा दुर्गा उत्सव समिति ने आज आयोजित होने वाले माता के जगराते को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। सूरजपुर की प्रख्यात जगराता मंडली अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को माता की आराधना में सराबोर करेगी। जगराते को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद है कि भजनों, जयकारों और माता की महिमा के बीच पूरा पंडाल भक्तिरस में डूबा नजर आएगा।

मटका फोड़ में बच्चों-महिलाओं ने दिखाया उत्साह
समिति का आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक प्रतियोगिताओं के जरिए भी लोगों को जोड़ रहा है। युवाओं की टीम विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभाल रही है। इसी कड़ी में आयोजित मटका फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना और पंडाल तालियों व हौसला अफजाई से गूंज उठा।
म्यूजिकल हौजी कल, रोज हो रही नई गतिविधियां
बीते दिन समिति की ओर से म्यूजिकल हौजी का आयोजन भी किया जाएया, जिसमें मनोरंजन का माहौल बना रहैगा प्रतिदिन अलग-अलग खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए नवरात्रि उत्सव में नई रौनक जोड़ी जा रही है। समिति के इन प्रयासों से बच्चों, महिलाओं, युवाओं और परिवारों को एक साथ उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है।
भक्ति के साथ सेवा का भाव, रोजाना भंडारे में उमड़ रहे श्रद्धालु
बाजारपारा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रतिदिन माता के प्रसाद के रूप में भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। पूजा-पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और भंडारा—इन सभी के संग बाजारपारा में नवरात्रि का उत्सव पूरे उल्लास के साथ आगे बढ़ रहा है। आज रात होने वाला जगराता इस उत्सव में भक्ति और संगीत के रंग भरने के लिए तैयार है।