नौ कन्याओं के सजीव स्वरूप ने मोहा भक्तों का मन, जयकारों से गूंज उठा बाजारपारा का दुर्गा पंडाल कहीं माता के नौ रूपों का अद्भुत दर्शन, तो कहीं जसगीतों की गूंज… बाजारपारा में भक्ति, आस्था और उत्साह का संगम, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। शारदीय नवरात्र पर्व अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है, लेकिन मां दुर्गा की भक्ति का उत्साह पत्थलगांव में चरम पर है। बाजारपारा दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में माता के जयकारों, जसगीतों और धार्मिक आयोजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। यहां प्रतिदिन आयोजित हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पंडाल में उमड़ रही भक्तों की भीड़ और बच्चों का उत्साह नवरात्र की रौनक में चार चांद लगा रहा है।
नन्हे कलाकारों ने माता के नौ रूपों का किया सजीव चित्रण, मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
बाजारपारा दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में बीते दिन उस समय अद्भुत भक्तिमय दृश्य देखने को मिला, जब नन्हे-मुन्ने बच्चों ने माता के नौ स्वरूपों का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। माता के अलग-अलग रूपों में सजे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति और आकर्षक वेशभूषा को देखकर भक्त मंत्रमुग्ध हो गए। पूरा पंडाल माता के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु इस अनूठे आयोजन की सराहना करते नजर आए।

बच्चों की प्रतिभा को निखारने में जुटी पूरी टीम
समिति द्वारा बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। गुनगुन अग्रवाल, दीया गोयल, माही गोयल, अदिति बंसल, श्रुति गोयल, मौली सहित पूरी टीम बच्चों के कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटी हुई है। टीम की मेहनत और बच्चों के उत्साह का ही परिणाम है कि प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रम श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण पैदा कर रहे हैं।
आज कोरबा के कलाकारों की प्रस्तुति से सजेगा बनभौरी पाठ
नवरात्र के धार्मिक आयोजनों की कड़ी में आज पंडाल स्थल पर बनभौरी पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए कोरबा से कलाकार पहुंचे हैं, जो विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के पश्चात पाठ संपन्न कराएंगे। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। जसगीतों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच बाजारपारा का पंडाल पूरी तरह माता की भक्ति में सराबोर है।
भंडारे में उमड़ रहे हजारों श्रद्धालु, सेवा में जुटी टीम
माता के दर्शन के साथ-साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रतिदिन हजारों भक्त माता का प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। भंडारे की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सुनील पेटू अग्रवाल, सुनील गुप्ता, अजय अग्रवाल, प्रदीप ठाकुर, कालू अग्रवाल सहित पूरी टीम समर्पित भाव से जुटी हुई है।
बाजारपारा दुर्गा उत्सव समिति का यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का भी सुंदर उदाहरण बन रहा है। माता के जयकारों से गूंजता पंडाल, नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां और भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था ने नवरात्र उत्सव को यादगार ब
ना दिया है।