कान्हा को झूला झुलाने उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों से पट गया श्याम मंदिर

 

मुकेश अग्रवाल

पत्थलगांव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को पत्थलगांव का श्याम मंदिर आस्था, भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। सुबह से ही शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। देखते ही देखते मंदिर परिसर हजारों भक्तों की भीड़ से भर गया।

कान्हा को झूला झुलाने लगी लंबी कतार

जन्माष्टमी के अवसर पर बाल गोपाल को झूला झुलाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। मंदिर में कान्हा को झूला झुलाने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए भक्ति भाव से बाल गोपाल के दर्शन कर रहे थे और झूला झुलाकर जन्माष्टमी का उत्सव मना रहे थे।

नन्हे राधा-कृष्ण ने लूटी महफिल

जन्माष्टमी की खुशी में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने नन्हे-मुन्ने बच्चों को राधा-कृष्ण और कान्हा के मनमोहक रूप में सजाकर मंदिर लेकर पहुंचे। कोई नन्हा कान्हा मुरली और मुकुट के साथ नजर आया तो कोई राधा के रूप में सजी बच्ची श्रद्धालुओं का ध्यान खींचती रही। बच्चों की मासूम मुस्कान और मनमोहक वेशभूषा ने मंदिर की रौनक में चार चांद लगा दिए।

बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार बना आकर्षण का केंद्र

जन्माष्टमी के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष और भव्य श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजे बाबा श्याम के अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह रहा। बाबा श्याम का यह मनमोहक श्रृंगार मंदिर के पुजारी निलेश महाराज द्वारा किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध नजर आए।

प्रसाद में पोहा-चाय, सेवा में जुटी श्याम सेवा समिति

मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्याम मंदिर समिति की ओर से पोहा एवं चाय की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं श्याम सेवा समिति के सदस्य पूरे दिन श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था में जुटे रहे।

श्याम सेवा समिति अध्यक्ष सुशील अग्रवाल के साथ महेंद्र अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, अनिल मित्तल, महावीर अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, मधुसूदन अग्रवाल, नटवर अग्रवाल, नरेश झलक, कमलेश लुडेग वाले सहित समिति के दर्जनों सदस्य मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

देर शाम कृष्ण लीला और श्याम भजनों से गूंजेगा मंदिर

जन्माष्टमी के अवसर पर देर शाम मंदिर परिसर में विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया है। भजन संध्या में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, जन्मोत्सव से जुड़े भजनों के साथ बाबा श्याम के भजनों की सुरमयी प्रस्तुति होगी।

भक्ति संगीत की मधुर धुनों के बीच जब कृष्ण लीला और श्याम भक्ति के भजन गूंजेंगे, तो पूरा श्याम मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगा। जन्माष्टमी का यह पर्व पत्थलगांव में श्रद्धा, सेवा और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button