खेत में बवाल! धान की फसल पर ट्रैक्टर चढ़ाया, महिला से मारपीट, युवती से छेड़छाड़ और जातिसूचक गालियां—सरपंच समेत 10 पर FIR



मुकेश अग्रवाल
जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम टुकूपखना में पैतृक कृषि भूमि को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में खड़ी धान की फसल पर ट्रैक्टर चलाने, महिलाओं के साथ मारपीट, युवती से कथित छेड़छाड़ और जातिसूचक अपमान के गंभीर आरोपों के बाद अजाक थाना जशपुर में सरपंच समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम टुकूपखना निवासी संजय बड़ा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका परिवार अपनी पैतृक भूमि पर धान की खेती कर जीवन-यापन करता है। आरोप है कि 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे आरोपी कुदाल, लाठी और अन्य हथियारों से लैस होकर खेत में जबरन घुस आए और जातिसूचक गालियां देते हुए परिवार को खेत से खदेड़ दिया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने दो ट्रैक्टरों से खेत में खड़ी धान की फसल रौंद दी और जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर प्रार्थी की माता मीलो बड़ा के साथ मारपीट कर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की बहन ससीता बड़ा के साथ कथित रूप से अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की गई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसे जबरन घसीटने का प्रयास किया और बलात्कार की धमकी भी दी। विरोध करने पर पूरे परिवार को जातिसूचक अपमानजनक शब्द कहकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
जशपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर भगवानों यादव, प्रेमचंद, नरेन्द्र यादव, पदमन, दिलबंधु, जगबंधु, नवीन यादव, बिछी यादव, दसई यादव तथा गरीब साय (सरपंच) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।