गेरवानी शराब दुकान में गार्ड पर फायरिंग का सनसनीखेज खुलासा गार्ड की डांट से भड़का 19 साल का युवक, पिस्टल लेकर लौटा और दाग दी गोली… बिहार के खेत में छिपा बैठा था आरोपी!

 

गेरवानी शराब दुकान में गार्ड पर फायरिंग का सनसनीखेज खुलासा

गार्ड की डांट से भड़का 19 साल का युवक, पिस्टल लेकर लौटा और दाग दी गोली… बिहार के खेत में छिपा बैठा था आरोपी

रायगढ़, 22 अगस्त। गेरवानी की शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाकर फरार हुए आरोपी को पूंजीपथरा पुलिस ने बिहार के जमुई से धर दबोचा है। वारदात के बाद आरोपी दूसरे राज्य में जाकर छिप गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सुराग और लगातार की गई पतासाजी के जरिए उसकी पहचान कर ली। पुलिस टीम ने बिहार पहुंचकर खेत की घेराबंदी की और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी विवेक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है।

गार्ड की डांट बनी गोलीकांड की वजह!

जानकारी के अनुसार 17 अगस्त की रात गेरवानी स्थित शराब दुकान में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड का सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल (43) ड्यूटी पर तैनात था। करीब 10:30 बजे विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ शराब दुकान पहुंचा। वहां देर रात आने को लेकर गार्ड ने दोनों को डांट-फटकार लगाई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों युवक वहां से लौट गए।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद विवेक का साथी रोशन गार्ड की डांट से परेशान होकर रोने लगा। इससे विवेक भड़क गया। वह अपने लेबर क्वार्टर पहुंचा, पिस्टल उठाई और गार्ड को सबक सिखाने के इरादे से दोबारा शराब दुकान पहुंच गया।

बताया गया कि वहां पहुंचते ही विवेक ने गार्ड से गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली गार्ड चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घायल गार्ड ने किसी तरह खुद को बचाया और आहाता के पीछे जाकर छिपते हुए साथियों को सूचना दी तथा डायल-112 को खबर की।

वारदात के बाद बिहार भागा आरोपी

फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्ध की पहचान के लिए गेरवानी क्षेत्र में मजदूरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि विवेक कुमार यादव, उम्र 19 वर्ष, बिहार के जमुई जिले का रहने वाला है और गेरवानी के अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था।

आरोपी के फरार होने की पुष्टि होते ही पुलिस टीम बिहार के जमुई रवाना हुई।

घर से भागा, खेत में जाकर छिप गया… पुलिस ने घेरकर दबोचा

उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी के गांव खैरा में दबिश दी। पुलिस की भनक लगते ही विवेक घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां जाकर छिप गया।

पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद खेत में छिपे विवेक को दबोच लिया गया। इसके बाद उसे रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई।

30 हजार में खरीदी थी पिस्टल!

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अग्रोहा स्टील प्लांट में मजदूरी करता था और प्लांट के फोरमैन से विवाद चल रहा था। उसे डराने-धमकाने के लिए वह अपने गांव गया था, जहां कथित तौर पर 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी।

लेकिन फोरमैन को डराने के लिए खरीदा गया हथियार आखिरकार गेरवानी के गार्ड पर फायरिंग में इस्तेमाल हो गया।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अब भी फरार

पूंजीपथरा पुलिस ने विवेक कुमार यादव पिता रामेश्वर यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक पिस्टल बरामद की गई है। वहीं घटना में शामिल उसका साथी रोशन ठाकुर अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

मामले में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

सीसीटीवी से बिहार तक पहुंची पुलिस

गंभीर फायरिंग की वारदात के बाद आरोपी को दूसरे राज्य में जाकर छिपना महंगा पड़ गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस, साइबर थाना, आबकारी विभाग और डायल-112 की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की और बिहार तक पीछा कर उसे गिरफ्तार किया।

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक हेम सागर पटेल, आरक्षक विक्रम कुजूर, ओम प्रकाश तिवारी एवं विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों को किसी भी राज्य में छिपने नहीं दिया जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस समन्वय के जरिए रायगढ़ पुलिस ऐसे आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें कानून के दायरे में लाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button