बूचड़खाने जाने से पहले पुलिस ने दबोचा मवेशियों से भरे 2 पिकअप! 5 गिरफ्तार, 12 लाख का माल जब्त

मुकेश अग्रवाल

मवेशियों को कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक पिकअप वाहनों में भरकर बूचड़खाने ले जाने की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों पर लखनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो पिकअप वाहनों से 8 मवेशियों को बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में दोनों वाहनों और मवेशियों समेत करीब 12 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चैनपुर काजूबाड़ी के पास दो पिकअप वाहनों में कुछ लोग मवेशी और भैंसों को अवैध रूप से लोड कर बूचड़खाने ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

मौके पर पिकअप क्रमांक UP 25 KT 0155 में चार मवेशी भैंस तथा UP 25 JT 4974 में चार मवेशी भैंस क्रूरतापूर्वक भरे हुए मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर उनमें सवार पांचों व्यक्तियों को हिरासत में लिया।

दस्तावेज मांगे तो नहीं दिखा सके कोई वैध कागज

पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 234/26 दर्ज किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सारथी (32), नितिश राणा (25), जमीन उर्फ जमीर अंसारी (42), मो. आयुब (45) और मो. जुनैद (18 वर्ष 6 माह) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

8 में से 2 मवेशियों की मौत, 6 का कराया स्वास्थ्य परीक्षण

पुलिस कार्रवाई के दौरान बरामद 8 मवेशियों में से 2 मृत मिले, जबकि 6 मवेशी जीवित अवस्था में बरामद किए गए। मृत मवेशियों का खंड पशु चिकित्सक, लखनपुर द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं जीवित 6 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहनों तथा 8 मवेशियों को मिलाकर करीब 12 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पशु संरक्षण और क्रूरता अधिनियम के तहत मामला

लखनपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। अपराध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

 

संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उपनिरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक मनीष तिवारी, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, पीतांबर सिंह, आरक्षक दशरथ राजवाड़े, आशीष चौहान, चित्रसेन प्रधान, कुश कुमार सोनी, सुरेश गुप्ता, राजेंद्र लकड़ा और नमिष सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button