यात्रियों से भरी द्विवेदी बस ट्रक से भिड़ी, तेजपुर घाट में मची अफरा-तफरी; अस्पताल पहुंचे एसडीएम क्षितिज गुरभेलेतेजपुर घाट में बस-ट्रक भिड़ंत ने खोली बदहाल सड़क की पोल



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव।
पत्थलगांव से धर्मजयगढ़ मार्ग पर एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। कुनकुरी से रायगढ़ की ओर जा रही द्विवेदी बस की तेजपुर घाट के पास एक ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच कुछ ही पलों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार की स्थिति निर्मित हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाला और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में कई घायलों का उपचार जारी है, जबकि दो घायलों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें भी आई हैं।

अस्पताल पहुंचे एसडीएम, डॉक्टरों को दिए बेहतर इलाज के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव के नवनियुक्त एसडीएम क्षितिज गुरभेले एवं पत्थलगांव तहसीलदार सिविल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। एसडीएम ने डॉक्टरों को घायलों का समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बदहाल सड़क बनी हादसों की वजह? गड्ढों से छलनी है पत्थलगांव-धर्मजयगढ़ सड़क
इस हादसे ने एक बार फिर पत्थलगांव से धर्मजयगढ़ तक सड़क की बदहाल स्थिति को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और खराब सड़क की स्थिति वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद गड्ढों की मरम्मत तक गंभीरता से नहीं की जा रही है।
खराब सड़क पर भारी वाहनों और यात्री बसों की आवाजाही के बीच वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में तेजपुर घाट के पास हुआ यह हादसा सड़क की बदहाली और यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल छोड़ गया है।
फिलहाल घायलों का पत्थलगांव सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।