कान्हा के झूले से लेकर मटकी फोड़ तक… जन्माष्टमी पर सत्यनारायण मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब



मुकेश कुमार अग्रवाल
हजारों भक्तों से गूंजा पत्थलगांव का सबसे प्राचीन मंदिर, रोशनी से जगमगाया परिसर; सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण का केंद्र, 11 हजार की मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
पत्थलगांव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पत्थलगांव के सबसे प्राचीन एवं प्रसिद्ध सत्यनारायण मंदिर में शुक्रवार को आस्था और उल्लास का ऐसा नजारा देखने को मिला, मानो पूरा शहर ही कान्हा की भक्ति में रंग गया हो। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। बाल गोपाल के दर्शन और उन्हें झूला झुलाने के लिए भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
रोशनी और सजावट से दुल्हन की तरह सजा मंदिर
जन्माष्टमी के अवसर पर सत्यनारायण मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी, रंग-बिरंगी सजावट और मनमोहक साज-सज्जा से सजाया गया है। मंदिर की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। परिसर में आदि योगी भगवान शंकर की आकर्षक प्रतिमा के साथ जगह-जगह विशेष सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं।
पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु इन सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं। खासकर बच्चों और युवाओं में सेल्फी पॉइंट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

कृष्ण भजनों से गूंज रहा पूरा मंदिर परिसर
मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के मनमोहक भजनों का अविरल प्रवाह जारी है। मधुर भजनों और भक्तिमय संगीत से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया है। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते और पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं।
कान्हा को झूला झुलाने लगी भक्तों की कतार
बाल गोपाल को झूला झुलाने को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। सुबह से ही भक्त कान्हा को झूला झुलाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई जन्माष्टमी के इस पावन अवसर को अपने अंदाज में यादगार बनाने में जुटा हुआ है।

11 हजार की मटकी फोड़ प्रतियोगिता, बढ़ा उत्साह
जन्माष्टमी के उत्सव को और भी रोमांचक बनाने के लिए सत्यनारायण मंदिर परिसर में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में मटका फोड़ने वाली विजेता टीम को मंदिर समिति की ओर से ₹11,000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार की घोषणा के बाद प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा जोश देखने को मिल रहा है।
‘कान्हा बनो’ प्रतियोगिता में नन्हे कान्हाओं ने मोहा मन
मंदिर समिति द्वारा ‘कान्हा बनो’ प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों और अन्य प्रतियोगियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नन्हे बच्चों का कान्हा के रूप में सजकर पहुंचना जन्माष्टमी के उत्सव का विशेष आकर्षण रहा।

भक्तों की सुविधा में जुटी पूरी मंदिर समिति
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सत्यनारायण मंदिर समिति की टीम लगातार व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। समिति अध्यक्ष आलोक गर्ग के साथ मुकेश अग्रवाल (रामलाल), चंद्रशेखर अग्रवाल, हरगोविंद अग्रवाल, श्याम शर्मा, डॉ. विकास अग्रवाल, पवन अग्रवाल सहित पूरी मंदिर समिति श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
सुबह से देर शाम तक मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, कृष्ण भजनों की गूंज, आकर्षक रोशनी और कान्हा को झूला झुलाने के लिए लगी कतार ने सत्यनारायण मंदिर को जन्माष्टमी के दिन पूरी तरह कृष्णमय बना दिया। पत्थलगांव में जन्माष्टमी का यह उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम नजर आया।