विधायक जशपुर, कलेक्टर और एसपी ने गम्हरिया धान खरीदी केन्द्र में धान खरीदी कार्य का किया शुभारंभ किसानों को टोकन समय पर जारी करें- कलेक्टर

मुकेश अग्रवाल/पत्थलगांव/जशपुरनगर /जशपुर विकासखण्ड के गम्हरिया धान खरीदी केन्द्र में जशपुर विधायक विनय भगत, कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं किसानों ने कांटा, बाट की पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। धान खरीदी महाअभियान का आगाज होने से छोटे-बड़े सभी किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। शुरू के दिनों में छोटे और सीमान्त किसानों से धान खरीदी की जा रही है। इस अवसर पर जशपुर एसडीएम बालेश्वर राम, खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर, विपणन अधिकारी प्रवीण पैंकरा उपस्थित थे।राज्य शासन द्वारा खरीदी विपणन वर्ष 2021-22 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जिले के सभी सहकारी समिति के माध्यम से किया जा रहा है। किसानों की सुविधा का ध्यान रखते हुए सीमान्त, लघु और बड़े किसानों को पात्रता के अनुसार टोकन दिया जा रहा है। धान खरीदी 01 दिसम्बर 2021 से 31 जनवरी 2022 तक किए जाने हेतु समय-सीमा निर्धारित की गई है।विधायक और कलेक्टर ने धान बेचने आने वाले किसान श्री रवैल एक्का से सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। किसान ने बताया कि उन्हें पहले से ही टोकन दे दिया गया था। सोसायटी में बारदानों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं हो रही है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आसानी से अपना धान बेच रहें हैं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को इस बात का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं कि कोरोना संक्रमण की सुरक्षा को देखते हुए कोविड-19 प्रोटोकॉल के नियमों का सभी पालन करें। उन्होंने किसानों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए भी कहा है। किसानों के लिए सोसायटी में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध हो इसका विशेष ध्यान रखें।
कलेक्टर ने गम्हरिया गोठान में कांटा, बाट, बारदाने की उपलब्धता और कम्प्यूटर आपरेटर सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों, समिति प्रबंधकों और कम्प्यूटर आपरेटर को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं चलेगी। गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में कुल 32110 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। कुल पंजीकृत किसानों का रकबा 61803.5 हेक्टर है। जिले के 35 धान खरीदी केन्द्र में कुल 32110 किसानों से धान खरीदी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button