हिंदू आक्रोश धरना प्रदर्शन में कवर्धा मामले की न्यायिक जांच की उठी मांग..सांसद गोमती साय ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना..

मुकेश अग्रवाल/पत्थलगांव। कवर्धा जिले में दो समुदायों के बीच हुई झड़प और इसके बाद शासन प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने शहर में हिंदू आक्रोश रैली का आयोजन किया। इस आयोजन के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे। आयोजन स्थल के साथ ही शहर से बाहर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बेरिकेट लगा कर,पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी शहर में गश्त कर रही थी। धरना और रैली के आयोजन से पहले,कलेक्टर रितेश अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सुरक्षा इंतजाम कर निरीक्षण किया। कवर्धा की घटना से सबक लेते हुए प्रशासन ने बाजार बंद करने की अपील भी व्यवसाईयों से की। हालांकि,मंगलवार को साप्ताहिक बाजार बंदी होने की वजह से अधिकांश दुकानें बंद थी। लेकिन नगरपालिक की अपील के बावजूद खुले हुए दुकानदारों ने व्यवसाय करना जारी रखा। धरना का आयोजन शहर के आदर्श बस स्टैंड में किया गया था। इस वजह से आज शहर से बस,रणजीता स्टेडियम से रवाना की गई और दो पहिया व चार पहिया वाहनों को इस ओर आने से रोक दिया गया।

Related Articles

जशपुर में आयोजित धरना कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय,सांसद गोमती साय,जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत,कार्यक्रम के संयोजक दिलीप कुमार बेसरा,सह संयोजक विजय आदित्य सिंह जूदेव,यश प्रताप सिंह जूदेव,कृष्ण कुमार राय,नीतिन राय सहित विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शामिल थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि कवर्धा में दो समुदायों के बीच जो कुछ भी हुआ उसके लिए सीधे तौर पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। उन्होनें कहा कि कवर्धा की गिनती प्रदेश के सबसे शांत जिले में होती रही है। वहां इस तरह तनाव की स्थिति प्रदेश में गिरती हुई कानून व्यवस्था को दर्शाती है। उन्होनें कवर्धा के विधायक और प्रदेश के वन मंत्री मोहम्मद अकबर पर निशाना साधते हुए कहा कि घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में समुदाय विशेष के विरूद्व कार्रवाई की। लाठीचार्ज के दौरान घरों में घुस कर महिलाओं को पीटा गया। विष्णुदेव साय ने गिरफ्तार किए गए लोगों को निश्शर्त रिहा करने की मांग करते हुए,पूरे घटना क्रम की न्यायिक जांच कराने की मांग भी अपने संबोधन में किया।

रायगढ़ लोकसभा सांसद गोमती साय ने कहा कि हिंदूत्व और भगवा झंडा का अपमान किसी भी कीमत में सहन नहीं किया जा सकता। उन्होनें कहा कि कवर्धा की घटना से पूरे देश की भावना आहत हुई है। उन्होनें कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा जिस भी राज्य में कांग्रेस की सरकार रहती है,वहां हिंदूओं के साथ इसी प्रकार का व्यवहार होता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत ने प्रशासन पर आसपास के ग्रामीण अंचल से रेली में शामिल होने के लिए आ रहे लोगों को रोकने का आरोप लगाया। उन्होनें कहा कि सरकार,प्रशासनिक तंत्र का जितना भी दुरूपयोग कर ले,हिंदू समाज जाग उठा है,वह समय आने पर सरकार को जवाब जरूर देगा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रवीण डोलके ने कहा कि हिंदू समाज में शक्ति कोई कमी नहीं है। जरूरत,सिर्फ सोई हुई चेतना को जागृत करने की है। उन्होनें कहा कि सनातन संस्कृति और परम्परा की रक्षा के लिए हर परिवार ने संघर्ष किया है। उस संघर्ष को याद करने की जरूरत है। कार्यक्रम को विजय आदित्य सिंह जूदेव,देवधन नाय,कलेश्वर राम और मैनेजर राम भगत ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button