20 पहाडी कोरवा जनजाति के बच्चों का संकल्प में प्रवेश के लिए चयन

मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव/जशपुर नगर,
जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में संचालित संकल्प शिक्षण संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में अपनी पृथक पहचान बनाकर सफलता का परचम लहराया है। इसी कडी में अब संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में नवाचार के रूप में 20 पहाड़ी कोरवा जनजाति के बच्चों को शिक्षा दी जायेगी। पहाडी कोरवा बच्चों का चयन सूची जारी कर दी गई है एवं 31 मई तक प्रवेश हेतु समय दिया गया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए संकल्प शिक्षण संस्थान के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल की विशेष पहल पर शैक्षणिक सत्र 2022-23 में संकल्प शिक्षण संस्थान में जिले की विशिष्टतः असुरक्षित जनजातीय समूह (Particularly Valnerable Tribal Groups) पहाड़ी कोरवा जनजाति के 20 बालक, बालिकाओं को कक्षा 9 वीं में प्रवेश दिया जायेगा। इन बच्चों की पृथक से एक कक्षा संचालित की जायेगी और इन्हें गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान कर छ. ग. माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में लाने की पहल की जायेगी साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं जे.ई.ई.नीट की तैयारी कराई जायेगी। आगामी चार वर्षों में इन चयनित 20 बच्चों को हरसंभव बेहतर शिक्षा देकर उन्हें अच्छी उच्च शिक्षा के लिए तैयार किया जाएगा। इन सभी बच्चों को आवास. भोजन एवं अन्य सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जायेगी। इन विशिष्ट समुदाय के बच्चों को संकल्प शिक्षण संस्थान में कक्षा 9 वीं में प्रवेश के लिए 31 मई तक का समय दिया गया है । विद्यार्थियों को प्रवेश के वक्त नवीनतम पासपोर्ट फोटो 04 , माता-पिता के 2-2 पासपोर्ट फोटो, निवास, आधार, कक्षा 8 वीं की अंकसूची , तहसीलदार द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र की मूल प्रति एवं सभी प्रमाण पत्रों का एक सेट फोटो कॉपी लाना अनिवार्य होगा। सक्षम अधिकारी द्वारा जारी पहाड़ी कोरवा का जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है, जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत नही करने पर प्रवेश निरस्त माना जायेगा। चयन सूची इस प्रकार है: संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में पहाड़ी कोरवा बालक सीट- 10 में चयनित छात्र सुन्दर साय , रामनारायण, बसंत राम, नितिन कुमार, सन्सु राम, सुभाष, प्रीतम, विपिन कुमार, मुकेश राम एवं सुरेन्द्र कुमार (सभी बगीचा विकास खण्ड) बालिका सीट -10 में चयनित छात्रा नीतू हासदा, अगोश्मा, किरण बाई, मीना बनवासी, स्नेहा पहाड़िया, रेश्मी बाई ( सभी बगीचा विकास खण्ड) आनंदी मांझी, जिवन्ती बाई, मन्ती बाई (मनोरा विकास खण्ड) एवं कु. नम्रता (पत्थलगांव विकास खण्ड ) है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button