जॉइनिंग के बाद एक्शन मोड में नए एसडीएम क्षितिज गुरभेले, अचानक अस्पताल पहुंचे तो मचा हड़कंप! सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, डॉक्टरों को समय पर ड्यूटी करने की दो टूक हिदायत



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। पत्थलगांव के नए एसडीएम क्षितिज गुरभेले ने पदभार ग्रहण करने के बाद ही प्रशासनिक सक्रियता का परिचय देते हुए नागरिकों की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा सिविल अस्पताल पत्थलगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसडीएम के अचानक अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग के अमले में भी हलचल देखने को मिली।
एसडीएम गुरभेले ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में घूम-घूमकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद स्वास्थ्य अमले से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
डॉक्टरों की ड्यूटी पर विशेष नजर
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण संस्था में समयबद्धता और जिम्मेदारी से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
नए एसडीएम के इस औचक निरीक्षण को लेकर अस्पताल परिसर में दिनभर चर्चा बनी रही। पदभार संभालते ही अस्पताल की ओर रुख करने को लेकर लोगों में भी उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में पत्थलगांव की स्वास्थ्य व्यवस्था में और कसावट देखने को मिल सकती है।
अब अस्पताल में कितनी सुधरेगी व्यवस्था, आने वाला समय बताएगा

एसडीएम के निरीक्षण के दौरान पत्थलगांव स्वास्थ्य विभाग का अमला भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई के बाद अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर आगे क्या सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं।