कुर्सी की जंग में अनिल मित्तल का डंका! 49 वोटों से शानदार जीत, जगदीश अग्रवाल को पीछे छोड़ बने अग्रवाल सभा के नए अध्यक्ष



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। अग्रवाल सभा पत्थलगांव के अध्यक्ष पद को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रही चुनावी सरगर्मी का आखिरकार मंगलवार को जोरदार पटाक्षेप हो गया। समाज के बीच चली सियासी हलचल, बैठकों और सहमति की कोशिशों के बाद हुए मतदान में अनिल मित्तल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जगदीश प्रसाद अग्रवाल को 49 मतों के स्पष्ट अंतर से शिकस्त देकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया।
अध्यक्ष पद की इस चुनावी जंग में कुल 323 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि एक मतदाता ने मतदान नहीं किया। मतगणना पूरी होते ही तस्वीर साफ हो गई। अनिल मित्तल को 186 वोट मिले, जबकि जगदीश प्रसाद अग्रवाल के खाते में 137 वोट आए। इस तरह अनिल मित्तल ने 49 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अगले दो वर्षों के लिए अग्रवाल सभा की कमान अपने हाथों में ले ली।
12 दावेदार मैदान में उतरे, आखिर दो पर टिकी निगाहें
अग्रवाल सभा अध्यक्ष पद का चुनाव शुरू से ही चर्चा में रहा। नामांकन के दौरान 12 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। समाज में आपसी सहमति और निर्विरोध अध्यक्ष चुनने के लिए लगातार प्रयास भी हुए। कई दौर की चर्चाओं के बाद 10 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी वापस ले ली और मुकाबला सीधे अनिल मित्तल बनाम जगदीश प्रसाद अग्रवाल रह गया।
सहमति की तमाम कोशिशें जब मुकाम तक नहीं पहुंचीं तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान का फैसला किया गया। इसके बाद 25 अगस्त को मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर दोनों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर दिया।
सुबह से मतदान का उत्साह, शाम को खुला जीत का पिटारा
मतदान को लेकर अग्रवाल समाज के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदाता सूची के निर्धारण से लेकर मतदान व्यवस्था और मतगणना तक पूरी प्रक्रिया पर चुनाव टीम की निगरानी रही। सुबह से ही समाज के सदस्यों की आवाजाही तेज रही और देर शाम परिणाम घोषित होते ही चुनावी उत्सुकता पर विराम लग गया।


परिणाम सामने आते ही समाज के वरिष्ठजनों एवं अग्र बंधुओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल मित्तल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
संभागीय अग्रवाल महासभा अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने दी बधाई
संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने अनिल मित्तल को अध्यक्ष निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के महत्वपूर्ण पद पर बैठना केवल सम्मान की बात नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी है। अध्यक्ष समाज का प्रथम प्रतिनिधि होता है और उसकी भूमिका समाज को एकजुट रखते हुए उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने की होती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अनिल मित्तल अपने कार्यकाल में समाज की एकता, सेवा, शिक्षा, सामाजिक विकास और रचनात्मक गतिविधियों को नई गति देंगे।

अब नई टीम के सामने बड़ी जिम्मेदारी
अनिल मित्तल के अध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही पिछले एक सप्ताह से चल रही चुनावी हलचल समाप्त हो गई है। अब समाज की निगाहें नए अध्यक्ष के आगामी दो वर्षीय कार्यकाल पर टिक गई हैं।
समाज के सदस्यों को उम्मीद है कि नई नेतृत्व टीम सभी वर्गों और सदस्यों को साथ लेकर चलेगी तथा अग्रवाल सभा की सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
चुनावी आंकड़ों में जीत का गणित
कुल मतदान: 323
अनिल मित्तल: 186 मत
जगदीश प्रसाद अग्रवाल: 137 मत
जीत का अंतर: 49 मत
कार्यकाल: आगामी 2 वर्ष
12 दावेदारों से शुरू हुई चुनावी दौड़ आखिर दो प्रत्याशियों तक पहुंची और मतपेटी खुलते ही अनिल मित्तल के नाम जीत की मुहर लग गई।