अग्रवाल सभा अध्यक्ष चुनाव में घमासान, अनिल मित्तल और जगदीश अग्रवाल आमने-सामने; शाम तक मिलेगा समाज को नया मुखिया



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। पत्थलगांव अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पद को लेकर मंगलवार को अग्रसेन भवन में चुनावी सरगर्मी चरम पर रही। अध्यक्ष पद के लिए अनिल मित्तल एवं जगदीश प्रसाद अग्रवाल के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। सुबह से ही अग्रसेन भवन में समाज के मतदाताओं की आवाजाही और चुनावी हलचल बनी रही।

अग्रवाल सभा अध्यक्ष चुनने के लिए समाज के 324 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। समाचार लिखे जाने तक 148 मतदाता मतदान कर चुके थे, जबकि मतदान का सिलसिला जारी था। ऐसे में शाम तक तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी और अग्रवाल समाज को अपना नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने में चुनाव प्रभारी मदन लाल अग्रवाल, भीमराज गोयल, नागरमल अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज की युवा टीम पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई है। मतदान स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने से लेकर मतदाताओं को सहयोग देने तक युवा टीम की सक्रियता देखते ही बन रही है।
सबसे खास बात यह रही कि चुनावी मुकाबले के बावजूद समाज में एकता, समरसता और अनुशासन की शानदार मिसाल देखने को मिली। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह नजर आया, लेकिन चुनाव प्रक्रिया को लेकर समाजजनों ने पूरी गंभीरता और संयम बनाए रखा।
अब सभी की निगाहें शाम के परिणाम पर टिकी हैं कि अग्रवाल समाज की कमान अनिल मित्तल के हाथ आती है या जगदीश प्रसाद अग्रवाल बाजी मारते हैं। परिणाम के साथ ही यह भी तय हो जाएगा कि आगामी कार्यकाल में अग्रवाल सभा का नेतृत्व कौन करेगा।