पत्थलगांव प्रेस क्लब के नए भवन में गूंजे वैदिक मंत्र, विधि-विधान से हुआ भव्य गृह प्रवेश



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। पत्थलगांव प्रेस क्लब के नवनिर्मित भवन में आज शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-पाठ के साथ गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न हुआ। पंडित भवानी शंकर शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कराते हुए प्रेस क्लब के नवीन भवन में गृह प्रवेश कराया।
पूजा-अर्चना के दौरान पूरा प्रेस क्लब परिसर वैदिक मंत्रों और धार्मिक वातावरण से गूंज उठा। इस अवसर पर पत्थलगांव क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार एवं प्रेस क्लब से जुड़े सदस्य मौजूद रहे और नए भवन के शुभारंभ पर हर्ष व्यक्त किया।
गौरतलब है कि पत्थलगांव प्रेस क्लब के इस नवीन भवन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों किया गया था। उद्घाटन के बाद आज शुभ मुहूर्त में विधिवत गृह प्रवेश होने के साथ ही पत्रकारों के लिए नए भवन का औपचारिक रूप से उपयोग शुरू होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।

नए भवन के साथ पत्रकारिता को मिलेगी नई पहचान और नई ऊर्जा
प्रेस क्लब के नए भवन को पत्रकारों के लिए संवाद, बैठक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा का महत्वपूर्ण केंद्र माना जा रहा है। गृह प्रवेश के अवसर पर पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि यह भवन आने वाले समय में पत्थलगांव की पत्रकारिता को नई मजबूती देगा और क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए एक सशक्त मंच साबित होगा।
गृह प्रवेश कार्यक्रम के साथ ही पत्थलगांव प्रेस क्लब के नए भवन में आज से एक नए अध्याय की शुरुआत हुई।