अग्रसेन जयंती की तैयारियों में जुटा अग्रवाल समाज, नवयुवक समिति की कमान नेहल अग्रवाल को



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। अग्रसेन जयंती को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में अग्रवाल समाज के नवयुवाओं ने एकजुट होकर अग्रवाल नवयुवक समिति का गठन किया। समिति के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया, जिसमें नेहल अग्रवाल (अनिल श्रृंगारिका) को अध्यक्ष, नमन अग्रवाल (नवीन आरामिल) को सचिव तथा यश अग्रवाल (महावीर भगवती) कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नई जिम्मेदारी मिलते ही समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि इस वर्ष अग्रसेन जयंती को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि युवाओं की भागीदारी, सामाजिक एकता और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए जयंती को खास बनाने की तैयारी की जाएगी। समिति की विस्तृत कार्यकारिणी का गठन भी जल्द किया जाएगा।
अध्यक्ष नेहल अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल सभा के साथ समन्वय बनाकर जल्द ही अग्रसेन जयंती के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि समाज के हर वर्ग और विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी हो तथा जयंती का आयोजन उत्साह और एकता के साथ संपन्न हो।
वहीं कोषाध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि समिति का मुख्य प्रयास रहेगा कि अग्रसेन जयंती के अवसर पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए, जिससे समाज के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल सके।
समिति के गठन पर संभागीय अग्रवाल सभा अध्यक्ष पवन अग्रवाल, अग्रवाल सभा अध्यक्ष परशुराम अग्रवाल, सचिव अनिल मित्तल एवं कोषाध्यक्ष रामनिवास जिंदल ने नवगठित समिति के पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता और अखंडता में है। सभी युवा मिल-जुलकर जिम्मेदारी निभाएं और अग्रसेन जयंती के कार्यक्रमों को भव्य एवं सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
नई टीम के गठन के साथ ही अग्रसेन जयंती को लेकर अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नवयुवक समिति इस बार जयंती के मंच पर कौन-कौन से नए और आकर्षक कार्यक्रमों की सौगात देती है।