आम की पेटी के नीचे छिपा था ‘नशे का साम्राज्य’, जशपुर पुलिस ने प्रयागराज से खींच निकाले दो तस्कर

मुकेश अग्रवाल

जशपुर। नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने 207 किलो गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर जशपुर लाया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला 12 मई 2026 का है। चौकी दोकड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप में कच्चे आम की आड़ में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप UP-70-RT-6633 दिखाई दी तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की।

पुलिस ने पीछा जारी रखा। कांसाबेल पुलिस ने भी रास्ते में नाकाबंदी की, जिसके बाद चालक ने रास्ता बदलकर दोकड़ा की ओर भागने का प्रयास किया। आखिरकार पुलिस टीम ने बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर बहाल जोर के पास पिकअप को दबोच लिया।

आम की पेटियों के नीचे छिपा था करोड़ों का ‘काला माल’

पिकअप की तलाशी ली गई तो ऊपर से सब कुछ सामान्य नजर आया। वाहन में प्लास्टिक की ट्रे और कैरेट में कच्चे आम भरे थे। लेकिन पुलिस ने जैसे ही आम हटाए, नीचे छिपा तस्करी का बड़ा खेल सामने आ गया। आम की आड़ में खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे गांजे के पैकेट छिपाए गए थे।

पुलिस ने 207 पैकेट में कुल 207 किलो गांजा बरामद किया। मामले में पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप, मोबाइल और नकदी समेत कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये की जब्ती की थी। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में पुलिस ने पहले पिकअप चालक प्रेमनाथ सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी विमड़ा, थाना बगीचा, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और विवेचना में पुलिस को तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में सुराग मिले।

एक आरोपी की गिरफ्तारी से नहीं रुकी जांच, प्रयागराज तक पहुंची पुलिस

जशपुर पुलिस ने मामले को केवल वाहन चालक की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि ‘एंड टू एंड विवेचना’ के तहत पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने शारदा केसरवानी और मनीष पासी की संलिप्तता चिन्हित की। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से दोनों के प्रयागराज, उत्तर प्रदेश क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को प्रयागराज से गिरफ्तार कर जशपुर लाया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

1. शारदा केसरवानी, उम्र 19 वर्ष, निवासी तरोल घटवा, थाना करछना, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

2. मनीष पासी, उम्र 28 वर्ष, निवासी हाथगन पुरवा खास, थाना घूरपुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का साफ संदेश—नशे के नेटवर्क की आखिरी कड़ी तक पहुंचेगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि तस्करी के इस नेटवर्क में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि फरार दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में एंड टू एंड विवेचना जारी है और प्रकरण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इनकी रही अहम भूमिका

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक इग्नेशियूस, आरक्षक सुरेंद्र यादव एवं जयप्रताप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक पिकअप, ऊपर आम और नीचे करोड़ों का नशा… लेकिन जशपुर पुलिस की नजर से तस्करी का यह खेल भी नहीं बच सका। अब पुलिस की नजर उन चेहरों पर है, जिन्होंने इस पूरे नेटवर्क को खड़ा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button