कमर में देशी कट्टा लेकर घूम रहे आदतन बदमाश मुकेश सिदार को पुलिस ने दबोचा



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। क्षेत्र में दहशत फैलाने की फिराक में कमर में देशी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर घूम रहे आदतन बदमाश मुकेश सिंह सिदार को पत्थलगांव पुलिस ने फिल्मी अंदाज में धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई और इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली।
थाना प्रभारी विनित पांडेय ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढोढ़ीटिकरा निवासी मुकेश सिंह सिदार अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है और लोगों के बीच खौफ का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर चिडरापारा में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। पूछताछ में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पत्थलगांव पुलिस ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।