ऑपरेशन प्रहार का तिहरा वार! कबाड़ माफियाओं में मची भगदड़, 79 टन स्क्रैप और 48 लाख की संपत्ति पुलिस के कब्जे में “रायगढ़ पुलिस का ‘कबाड़ कनेक्शन’ पर बड़ा प्रहार! बिना कागज़ दौड़ रहे ट्रक चढ़े पुलिस के हत्थे”



मुकेश अग्रवाल
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” अब अवैध कबाड़ कारोबारियों के लिए काल साबित हो रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर पूंजीपथरा और जूटमिल पुलिस ने लगातार तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 79 टन संदिग्ध स्क्रैप कबाड़, दो ट्रक और एक माजदा वाहन समेत लगभग 48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पहला वार : पूंजीपथरा में माजदा पकड़ी
15 जुलाई को तमनार चौक में पुलिस ने घेराबंदी कर CG-12-AY-0313 माजदा वाहन को रोका। वाहन में 3.39 टन टीन व लोहे का स्क्रैप मिला, लेकिन चालक देवेन्द्र तिवारी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये मूल्य के वाहन और कबाड़ को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
दूसरा वार : जूटमिल में ट्रक पर शिकंजा
16 जुलाई को कबीर चौक क्षेत्र में खड़े ट्रक CG-13-AB-9599 की जांच में भारी मात्रा में स्क्रैप बरामद हुआ। चालक महेन्द्र यादव भी माल के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जांच के बाद ट्रक और करीब 9 लाख रुपये मूल्य का स्क्रैप जब्त कर न्यायालय में इस्तगासा पेश किया गया।
तीसरा वार : ओडिशा से आया ट्रक भी नहीं बचा
उसी दिन छातामुड़ा के पास रायगढ़-सारंगढ़ मार्ग पर ट्रक OR-15-S-0187 को रोका गया। चालक दुर्योधन पाणिग्रही के पास भी स्क्रैप परिवहन के कोई वैध कागजात नहीं मिले। पुलिस ने करीब 8 लाख रुपये का स्क्रैप और ट्रक जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
कबाड़ माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा लगातार कस रहा
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए स्क्रैप के वास्तविक मालिकों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। अवैध कबाड़ की खरीद-फरोख्त और परिवहन में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही और बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा कि “बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन प्रहार आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।”