अग्रवाल समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर एसपी के नाम ज्ञापन, जांच और कार्रवाई की मांग



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर अमित पांडे के विरुद्ध अग्रवाल समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने तथा बिना तथ्यों के समाज के नाम पर भ्रामक और भड़काऊ बातें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में जिला पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन थाना पत्थलगांव में सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले कुछ समय से अमित पांडे सोशल मीडिया में फेसबुक के माध्यम से अग्रवाल समाज के संबंध में लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बिना किसी ठोस तथ्य या प्रमाण के समाज को निशाना बनाकर भ्रामक बातें प्रसारित की जा रही हैं, जिससे समाज की छवि धूमिल होने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अग्रवाल समाज पत्थलगांव के बड़ी संख्या में पदाधिकारीयो के साथ समाज के लोग उपस्थित रहे। समाज के लोगों ने कहा कि अमित पांडे द्वारा विशेष समुदाय के लोगों के बीच कथित रूप से द्वेष और वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया जा रहा है तथा क्षेत्र की शांतिपूर्ण फिजा को खराब करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि पत्थलगांव वर्षों से सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की मिसाल रहा है, जहां सभी समुदायों के लोग आपसी सौहार्द, प्रेम और सम्मान के साथ मिल-जुलकर रहते आए हैं। ऐसे में किसी भी समाज विशेष के विरुद्ध कथित रूप से भड़काऊ और तथ्यहीन टिप्पणियां सामाजिक एकता के लिए उचित नहीं हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द बना रहे।
जिला पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन थाना पत्थलगांव में सौंपा गया, जिसे थाना पुलिस ने प्राप्त कर जांच उपरांत नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।