“ऑपरेशन आघात का महाप्रहार: 3 कारों में भरकर उड़ रहा था 552 किलो गांजा, जशपुर पुलिस ने तस्करों का खेल किया खत्म, ₹1.20 करोड़ का माल जब्त!”

 

“मुकेश अग्रवाल

 

एक ही दिन में कुनकुरी और बगीचा में दो बड़ी कार्रवाई, उड़ीसा से अंबिकापुर जा रही गांजे की खेप पकड़ी गई, 2 तस्कर गिरफ्तार, 2 चालक जंगल का सहारा लेकर फरार।

पत्थलगांव जशपुर।

सरगुजा संभाग में नशे के कारोबारियों के खिलाफ छेड़े गए “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में तस्करों की कमर तोड़ दी। महज कुछ घंटों के भीतर तीन कारों से 552.16 किलोग्राम गांजा बरामद कर पुलिस ने करीब ₹1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो चालक पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर भाग निकले।

पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चल रहे नशा विरोधी अभियान का यह बड़ा परिणाम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सरगुजा संभाग के सभी जिलों के बीच लगातार सूचना साझा करने की रणनीति से तस्करों पर शिकंजा कसने में बड़ी सफलता मिल रही है।

पहली कार्रवाई: पुलिस को देखते ही इनोवा छोड़कर जंगल भागा चालक

कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध इनोवा कार (OD-17J-0205) का चालक वाहन लेकर भागने लगा। कई किलोमीटर पीछा करने के बाद उसने जंगल के पास कार छोड़ दी और फरार हो गया। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो 295 पैकेटों में 311.35 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹46.70 लाख बताई गई। साथ ही ₹15 लाख की इनोवा भी जब्त कर ली गई।

दूसरी कार्रवाई: रेकी कर रहे तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़े

उधर बगीचा क्षेत्र में पुलिस ने ब्रेजा और आर्टिगा कार को घेर लिया। ब्रेजा का चालक वाहन छोड़कर जंगल में भाग निकला, लेकिन आर्टिगा में सवार दो आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए। दोनों वाहन मिलाकर 240.810 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे मुख्य तस्करों के लिए रेकी (निगरानी) कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन्द्र राउत (29) और मोहम्मद समीर (26), दोनों निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा), के रूप में हुई है।

ऑपरेशन आघात का बड़ा असर

जशपुर पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक नशे के खिलाफ अभियान में 1269 किलो से अधिक गांजा, 1840 कफ सिरप, 875 नशीले इंजेक्शन, 130 गांजा के पौधे और ब्राउन शुगर जब्त की जा चुकी है। इस दौरान 33 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा 14 वाहन जब्त किए गए हैं।

कुल जब्ती एक नजर में

03 कारें जब्त

552.16 किलो गांजा बरामद

गांजे की कीमत: ₹82.82 लाख

वाहनों की कीमत: ₹38 लाख

कुल जब्ती: ₹1.20 करोड़ से अधिक

02 तस्कर गिरफ्तार, 02 फरार

 

जशपुर पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ संकेत है कि अब नशे के सौदागरों के लिए जशपुर का रास्ता आसान नहीं रहने वाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button