पांच मनोनीत एल्डरमैन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ”पत्थलगांव नगर पालिका में नई टीम की एंट्री! शपथ के साथ विकास की बड़ी जिम्मेदारी, अब वादों की होगी असली परीक्षा”



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव।
नगर पालिका परिषद पत्थलगांव में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के साथ नगर विकास की नई पटकथा लिखने का दावा किया गया। एसडीएम ऋतुराज सिंह बिसेन ने पांचों मनोनीत एल्डरमैन हरजीत सिंह भाटिया, अनिल मित्तल, सुनील अग्रवाल, अवधेश गुप्ता और भवानी शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि “शपथ लेना आसान है, लेकिन उसे ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” उन्होंने नव-नियुक्त एल्डरमैन से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और नगर विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा नेता सुनील अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित होने का दावा करते हुए कहा कि अब उसी सोच के अनुरूप पत्थलगांव के विकास को नई रफ्तार दी जाएगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह, उपाध्यक्ष अजय बंसल, पार्षदगण, नगर पालिका के सीएमओ जावेद खान, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।