“खूनी बन चुका खम्हार चौक! तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, चीख-पुकार से दहल उठा इलाका”

 

Mukesh Agrawal

एक ही बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर घायल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा—’कब जागेगा प्रशासन?’ बार-बार हो रहे हादसों से दहशत।

कापू/धरमजयगढ़। धरमजयगढ़-कापू मुख्य मार्ग पर स्थित खम्हार-चल्हा चौक एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बन गया। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि एक कार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहामाटी के तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चौक स्थित होटल की ओर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धरमजयगढ़ रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बार-बार बह रहा खून, फिर भी नहीं जागा प्रशासन

स्थानीय लोगों का कहना है कि खम्हार चौक अब “खूनी चौक” के नाम से बदनाम होता जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में यहां कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। हर हादसे के बाद केवल जांच और आश्वासन मिलते हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सुरक्षा इंतजाम की उठी मांग

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से चौक पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, हाई-मास्ट लाइट, रंबल स्ट्रिप और उचित ट्रैफिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अब भी प्रशासन नहीं चेता, तो यह चौक आने वाले दिनों में और भी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button