भाजपा के सातों मोर्चों ने अमित पांडेय के खिलाफ एफआईआर की मांग, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने का लगाया आरोप



मुकेश अग्रवाल
पत्थलगांव- भारतीय जनता पार्टी मंडल पत्थलगांव के सातों मोर्चों ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं तथ्यहीन सामग्री प्रसारित किए जाने के विरोध में पत्थलगांव थाने पहुंचकर अंबिकापुर के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमित पांडेय के विरुद्ध अलग-अलग आवेदन सौंपते हुए एफ.आई.आर दर्ज करने की मांग की। भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने बताया कि विगत कई महीनों से अमित पांडेय नामक व्यक्ति अपनी फेसबुक आईडी एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री, पत्थलगांव विधायक, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा बगिया कैंप को लेकर लगातार कथित रूप से झूठी, भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारियां प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस आधार के लगातार अनर्गल आरोप लगाकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की छवि धूमिल करने तथा जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार की जा रही ऐसी पोस्टों से भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि इन कथित भ्रामक पोस्टों के कारण न केवल पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को भी मानसिक प्रताड़ना एवं सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को प्राप्त है, लेकिन किसी व्यक्ति या संगठन के विरुद्ध निराधार एवं तथ्यहीन आरोप लगाकर समाज में भ्रम फैलाना कानून और सामाजिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
भाजपा के सातों मोर्चों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए तथा कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाली सोशल मीडिया आईडी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भाजपा की ओर से यह आवेदन भाजपा मंडल, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा अलग-अलग प्रस्तुत किए गए।

मामले में पत्थलगांव एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि भाजपा पदाधिकारियों से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।।